समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के गढ़ मैनपुरी में निकाय चुनाव के परिणाम चौंकाने वाले मिल रहे हैं। नगर पंचायत कुरावली और कुसमरा में भाजपा प्रत्याशियों ने बड़ी जीत दर्ज की। ये दोनों ही नगर पंचायत समाजवादी पार्टी की बेहद खास मानी जातीं हैं। यहां से हार की खबर मिलने के बाद सपा के खेमे में मायूसी छाई हुई है।मैनपुरी की कुरावली नगर पंचायत से भाजपा के धर्मेंद्र वर्मा ने जीत हासिल की है। धर्मेंद्र वर्मा ने 1853 वोट से बसपा प्रत्याशी आलोक गुप्ता को हराया है। भाजपा प्रत्याशी को 6174 मत मिले, वहीं बसपा प्रत्याशी आलोक गुप्ता को 4321 मत मिले। हैरानी की बात तो ये है कि सपा प्रत्याशी अमृता गुप्ता यहां से 2652 मत प्राप्त करते हुआ तीसरे स्थान पर रहीं।

वहीं सैफई के सबसे नजदीक की नगर पंचायत कुसमरा में भी भारतीय जनता पार्टी की गायत्री सिसोंदिया ने जीत दर्ज की है। वहीं नगर पंचायत बरनाहल से भाजपा प्रत्याशी शशि गुप्ता 710 वोट से चुनाव जीतीं  हैं। भाजपा प्रत्याशी को 3875 वोट मिले, वहीं प्रतिद्वंदी सपा प्रत्याशी श्वेता राठी ने 3165 मत प्राप्त किए।भोगांव में भाजपा प्रत्याशी आगे नेहा तिवारी लगभग 2428 वोटो से आगे चल रही हैं। दूसरे नंबर पर सपा समर्थित नसरीन बानो। नेहा को अब तक 4131 मत मिले हैं और नसरीन बानो को 1703 मत मिले हैं।