झारखंड में एक बार फिर माओवादी और सुरक्षाकर्मी आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के ऊपर फायरिंग की। झारखंड पुलिस के अनुसार, पश्चिम सिंहभूम जिले के हाथीबुरु-कुइरा गांवों के जंगल में शुक्रवार को सुरक्षा कर्मियों और सीपीआई सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई। बता दें, सीपीआई एक प्रतिबंधित माओवादी संगठन है। 

पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सुरक्षा बल माओवादियों के खिलाफ जंगल में माओवाद विरोधी अभियान चला रहे थे। इस दौरान सीपीआई लड़ाकों ने जवानों पर फायरिंग कर दी। जवानों को भी मजबूरी में आत्मरक्षा के लिए जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। एसपी शेखर ने कहा कि मुठभेड़ के बीच जब लड़ाके वहां से पीछे हट रहे थे तो उन्होंने बामियाबुरु और तिलियाबेड़ा गांवों के बीच जंगल में एक आईईडी ब्लास्ट कर दिया। हालांकि, ब्लास्ट में कोई घायल नहीं हुआ। ऑपरेशन जारी है। बता दें, एक दिन पहले सुरक्षाबलों ने माओवादियों के खिलाफ अभियान चलाकर तीन आईईडी जब्त किए थे।