अहमदाबाद | गुजरात कांग्रेस को आज एक और झटका उस वक्त लगा जब माणावदर से उसके विधायक अरविंद लाडानी विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया| लाडानी के इस्तीफे के बाद गुजरात विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की संख्या घटकर 13 रह गई है| अर्जुन मोढवाडिया के करीबी माने जाते अरविंद लाडानी भी जल्द ही भाजपा जॉइन कर सकते है| वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में अरविंद लाडानी ने माणावदर में कैबिनेट मंत्री जवाहर चावडा करारी शिकस्त दी थी| अब अरविंद लाडानी ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर कांग्रेस को झटका दिया है| 2022 के विधानसभा चुनाव में 182 सीटों में से कांग्रेस ने बड़ी मुश्किल से 17 सीटें जीती थीं| सोचने वाली बात यह है कि कांग्रेस अपने 17 विधायकों को एकजुट रखने में नाकाम रही है| पहले खंभात से विधायक चिराग पटेल, बाद में विजापुर से विधायक सीजे चावड़ा और दो दिन पहले पोरबंदर से विधायक और कांग्रेस के दिग्गज नेता अर्जुन मोढवाडिया ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था| ये तीनों ही नेता भाजपा का भगवा धारण कर चुके हैं| अब अरविंद लाडानी ने भी विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है और जल्द ही भाजपा में शामिल हो जाएंगे| गुजरात में अब तक 6 सीटिंग विधायक इस्तीफा दे चुके हैं| जिसमें कांग्रेस के 4, आम आदमी पार्टी का 1 और एक निर्दलीय विधायक शामिल है| दूसरी ओर भावनगर के महुवा से पूर्व विधायक कनु कलसरिया ने भी इस्तीफा दे दिया है और उनके भी भाजपा जॉइन करने की खबर है| जानकारी है कि हाल ही में महुवा के वडली में कनु कलसरिया और गुजरात भाजपा प्रमुख सीआर पाटील के बीच मुलाकात हुई थी| बता दें कि किसान नेता कनु कलसरिया पहले भाजपा में ही थे और अब वह घर वापसी कर सकते हैं|