रांची के होटवार स्थित मेगा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में चल रही नेशनल किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में अव्यवस्था का आलम है। शुक्रवार की रात आदित्य चौरसिया को रात में तीन बजे कुछ लोगों ने पीट दिया। मुंबई में प्रशिक्षण ले रहे आदित्य धनबाद के रहने वाले हैं और वे झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिए यहां आए थे।

आदित्य ने कराई प्राथमिकी

आदित्य ने इस संबंध में खेलगांव थाने में प्राथमिकी कराई है। प्राथमिकी में आदित्य ने झारखंड किक बॉक्सिंग संघ के सचिव विपुल मिश्रा पर जान से मारने की धमकी देने और उनके भाई बिमल मिश्रा पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।

रजिस्ट्रेशन सूची में आदित्य का नाम नहीं

आदित्य ने बताया कि शुक्रवार देर रात दस की संख्या में आए लोगों ने उसके साथ मारपीट की। वहीं, बिमल मिश्रा ने उसे डंडे से पीटा। उसके मुंह को दबाया और घसीटते हुए स्टेडियम के बाहर ले गया। आदित्य ने बताया कि पहले हमें प्रतियोगिता में आमंत्रित किया। जब यहां पहुंचे तो कई खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन नहीं किया गया। कुछ से अधिक पैसे की मांग की गई। हमें पहले बताया गया कि तुम्हारा रजिस्ट्रेशन हो गया है, लेकिन बाद में पता चला कि सूची में मेरा नाम नहीं है।