लंदन । ब्रिटिश पुलिस ने 23 वर्षीय शख्स पर 27 साल की भारतीय छात्रा तेजस्विनी कोंथम रेड्डी की हत्या करने और उनकी सेहली की हत्या की कोशिश करने का आरोप लगाया है। वेम्बली इलाके में कोंथम के घर पर उनपर हमला किया गया। मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने कहा कि केवेन एंटोनियो लौरेंको डी मोराइस को अक्सब्रिज मजिस्ट्रेट अदालत में पेश करने के लिए पुलिस ने हिरासत लिया है। पहले उसकी पहचान ब्राजील के नागरिक के तौर पर हुई थी। इस मामले में मौके से दो अन्य लोगों-एक महिला और एक पुरुष को हिरासत में लिया गया था, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
पुलिस ने बताया कि रेड्डी के परिवार को इसबारे में जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने बताया कि नील क्रिसेंट के मोराइस पर रेड्डी की हत्या करने और उनकी 28 वर्षीय सेहली के कत्ल की कोशिश का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने पहले बताया था कि घटना वेम्बली के नील क्रिसेंट में एक आवासीय स्थल पर की गई थी। पुलिस के मुताबिक, दो महिलाओं को चाकू मारा गया था और आपात सेवा के कर्मियों की तमाम कोशिश के बाद भी रेड्डी को बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने कहा कि 28 वर्षीय महिला अस्पताल में भर्ती है, लेकिन उसकी स्थिति गंभीर नहीं है।
हालांकि, उनका नाम नहीं बताया गया है। लेकिन स्थानीय मीडिया ने उसकी पहचान अखिला के तौर पर की है और वह भी भारतीय हैं। पुलिस ने बताया कि 23 वर्षीय मोराइस को वेम्बली में नील क्रिसेंट के अपराध स्थल के पास हैरो से गिरफ्तार कर लिया गया था। इंडियन नेशनल स्टूडेंट एसोसिएशन (आईएनएसए) यूके ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पीड़ित परिवारों को इंसाफ मिलेगा। रेड्डी के लिए कहा गया है, ब्रिटेन में भारतीय छात्रों की ओर से, हम उनके परिवार और दोस्तों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और प्रार्थना करते हैं कि उनकी आत्मा को शांति मिले।
बयान में अखिला के जल्द स्वस्थ होने की कामना की गई है और कहा गया कि वे अधिकारियों के संपर्क में हैं। लंदन में भारतीय उच्चायोग के सूत्रों ने घटना पर दुख व्यक्त कर कहा कि मिशन परिवार की जरूरी राजनयिक सहायता करेगा।