महम में एक शख्स की संदिग्ध हालत में मौत हुई है। उसका शव महम कस्बे की फरमाणा चुंगी के पास एक नीम के पेड़ पर फंदे पर लटका मिला है। मृतक 50 वर्षीय रामनिवास कस्बे की वार्ड तीन का रहने वाला था। उसके सगे भतीजे की रविवार को शादी है। सुबह बारात जानी थी। लेकिन उससे पहले घर पर मातम पसर गया। स्वजनों ने बताया कि रामनिवास अपने भतीजे की शनिवार को हुई घुड़चढ़ी रस्म में खूब नाचा था। देर रात करीब डेढ़ बजे तक वो डीजे पर नाच रहे दुल्हे के दोस्तों व रिश्तेदारों के साथ खुशी में शामिल था। लेकिन कुछ देर बाद वो घर से चला गया। सुबह उसके फरमाणा चुंगी पर फंदा लगाकर जान देने के बारे में पता चला। महम थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआइ भेज दिया है।

भाई बोला- मानसिक तौर पर परेशान था

मृतक के भाई कृष्ण ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रामनिवास मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। जिसके चलते उसने नीम के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वो अविवाहित था और काफी समय से नशे का आदी था।

पुलिस ने भाई के बयान पर की कार्रवाई

महम पुलिस चौकी इंचार्ज ने बताया कि रविवार सुबह सूचना मिली कि फरमाणा चुंगी पर एक व्यक्ति ने सुसाइड कर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक के भाई कृष्ण के बयान दर्ज किए गए हैं। इस आधार पर इत्तेफाकिया कार्रवाई की जा रही है।