रायबरेली । यूपी  के रायबरेली में एक महिला ने बेटी से छेड़खानी करने वाले 60 साल के प्रेमी बुजुर्ग की हत्‍या कर दी। बताया जा रहा है ‎कि 45 वर्षीय इस महिला का 60 वर्षीय व्‍यक्ति के साथ एक्‍स्‍ट्रा मैरिटल अफेयर चल रहा था। बुजुर्ग की नजर उसकी 19 साल की बेटी पर भी थी। उसने दो बार उसके साथ छेड़खानी भी की थी। इसके बाद महिला ने बेटी के साथ मिलकर बुजुर्ग का गुप्‍तांग काटकर उसकी हत्‍या कर दी थी। बुधवार को पुलिस ने महिला और उसकी बेटी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मेहंदी लाल को महिला ने अपने घर पर खाने के लिए बुलाया था। यहां उसे जमकर शराब पिलायी। नशे में धुत होने के बाद जब वह होश खो बैठा तब महिला ने बेटी के साथ मिलकर उसकी हत्‍या कर दी। रायबरेली के एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि मेहंदी लाल के बेटे सुशील कुमार ने 21 अगस्त को पुलिस को सूचित किया कि उनके पिता जंगल में मृत पाए गए हैं। पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और अपराध स्थल का निरीक्षण किया। मेहंदी लाल के शरीर पर चोट के निशान पाए गए थे और उसके प्रायवेट पार्ट को काट दिया गया था।
इसके बाद पु‎लिस में प्राथमिकी दर्ज की गई। उप पुलिस अधीक्षक रैंक के अधिकारी ने जांच शुरू की। बुजुर्ग की मौत का कारण पसलियों में फ्रैक्चर और गला घोंटने के कारण दम घुटना बताया जा रहा। एसपी ने कहा कि जांच के दौरान यह सामने आया कि पिछले कई सालों से मेहंदी लाल के आरोपी महिला के साथ अवैध संबंध थे। हाल ही में उसने उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की। 20 अगस्त को मेहंदी लाल ने फिर से महिला की बेटी के साथ जबरदस्ती की। इसके बाद बेटी ने मां को आपबीती बताई। गुस्से में मां ने अपनी बेटी की मदद से मेहंदी लाल की हत्या कर दी और उसके शव को पास के झाड़ियों में फेंक दिया। पूछताछ के दौरान महिला ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है।