झारखंड के चक्रधरपुर में बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों के नाम गुलजार हुसैन (25) और मतिउर रहमान (27) हैं। 12 नवंबर को चक्रधरपुर कस्बे के भारत भवन चौक पर बजरंग दल के कार्यकर्ता कमलदेव गिरि (35) पर बम फेंका गया था। इससे गिरि की मौत हो गई थी। मंगलवार को पुलिस ने बताया कि हत्या की वारदात गिरि व सतीश प्रधान के बीच क्षेत्र में वर्चस्व की लंबी लड़ाई का नतीजा थी। पश्चिम सिंहभूम जिले के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि मामले में प्रधान मुख्य आरोपी है। उसकी गिरफ्तारी अभी नहीं हो सकी है।

झारखंड पुलिस ने हत्या की जांच के लिए 13 सदस्यीय विशेष जांच दल गठित किया है। क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज की पड़ता के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरि पर हमला उस वक्त किया गया जब वे रेलवे स्टेशन से अपने घर लौट रहे थे। हमले में प्रधान और उसके सात अन्य सहयोगी शामिल थे। एसपी शेखर ने बताया कि बाकी आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है। 

पुलिस ने गिरि की हत्या को लेकर भादंवि की धारा 302, आर्म्स एक्ट, विस्फोटक सामग्री कानून के तहत केस दर्ज किया है।  जिला प्रशासन को इलाके में धारा 144 लगाना पड़ी थी।  गिरि पर मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने देसी बम फेंका था। इसके बाद इलाज के दौरान उनकी अस्पताल में मौत हो गई थी।