राजधानी रांची के पंडरा थाना क्षेत्र के ओझा मार्केट निवासी बिरसा उरांव व उसकी पत्नी सोनी मुंडा की बुधवार शाम अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने घर में घुसकर घटना को अंजाम दिया है। घटना शाम करीब साढ़े सात बजे की है।

घटना के पीछे ये हो सकती है वजह

पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे अवैध संबंध या जमीन विवाद भी वजह हो सकती है। पुलिस इसे भी केंद्र में रखकर जांच कर रही है। रांची कोतवाली के डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि घटना के वक्त पति-पत्नी दोनों घर में दिनचर्या के काम निपटा रहे थे।

तभी बाइक सवार दो अपराधी पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। दंपती को सात-आठ गोलियां मारी गईं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल भेजा, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अपराधियों को सीसीटीवी में देखा गया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे के आधार पर हमलावर अपराधियों की पहचान में जुटी है। पंडरा पुलिस ने दोनों अपराधियों के फोटो जिले के सभी थानों को भेजे हैं, ताकि उनकी पहचान की जा सके। शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है।

नौ साल जेल में रहने के बाद छूटा था बिरसा

बिरसा आपराधिक किस्म का रहा है। पंडरा क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या का आरोप बिरसा पर लगा था। पुलिस ने बिरसा को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। नौ साल तक जेल में रहने के बाद डेढ़ महीने पहले ही वह बाहर निकला था। बिरसा ने तीन शादियां की थीं। फिलहाल वह दूसरी पत्नी के साथ रहता था। उसी पत्नी के साथ वह मारा गया।

जमीन से जुड़े मामले पर जांच कर रही पुलिस

इस दोहरे हत्याकांड के पीछे जमीन विवाद की बात भी सामने आ रही है। पुलिस का कहना है कि दोहरे हत्याकांड के पीछे जमीन से जुड़ा मामला भी हो सकता है। पुलिस दोनों मृतकों का मोबाइल डिटेल खंगाल रही है।

पुलिस को सूचना है कि दोनों के नाम पर राजधानी में काफी जमीन है। इस हत्या के पीछे जमीन कारोबारी हो सकते हैं। पुलिस घटनास्थल का काॅल डंप निकाल रही है, ताकि पता चल सके कि घटना के बाद कौन-कौन से मोबाइल धारक वहां मौजूद थे। पुलिस सभी मोबाइल धारकों का सत्यापन करेगी।

एक अन्य हत्या की घटना से जुड़े हो सकते हैं तार

बिरसा का एक अन्य लड़की से संबंध था। वह उसी के साथ रहता था। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है। वह लड़की पहले दिल्ली में रहती थी। पिछले दिनों पंडरा में एक हत्या हुई थी, जिसमें लड़की ने रेकी की थी। हत्या का आरोप बिरसा पर था। पुलिस को आशंका है कि इस हत्या के तार उससे जुड़े हो सकते हैं।