अमेठी । केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस को बाबर की मजार पर मत्था टेकने वाले बताया है। उन्होंने यूपी के अमेठी में अपने तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन विकसित भारत संकल्प यात्रा में हिस्सा लेने के बाद इंडिया गठबंधन और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। स्मृ‎ति ईरानी ने राम मं‎दिर का ‎निमंत्रण पत्र ‎मिलने के बावजूद अयोध्या नहीं जाने पर कहा कि बाबर की मजार पर माथा टेकने वाले प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकरा रहे हैं। अयोध्या में भव्य राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा हो रही है इसलिए कांग्रेस के नेताओं का कलेजा फट रहा है। जब राम लला टेंट में थे तब कांग्रेस को कोई तकलीफ नहीं थी। केंद्रीय मंत्री स्मृ‎ति ने पश्चिम बंगाल में हुई तीन साधुओं की हत्या को दुर्भाग्य पूर्ण बताते हुए कहा कि जहां इंडिया एलायंस की सरकार है अथवा जहां-जहां उन लोगों का आज भी दबदबा है, जो कांग्रेस के साथी हैं, वहां-वहां आज भी सनातन धर्म को मानने वालों पर प्रताड़नाएं बढ़ रही हैं। धर्म के प्रति कांग्रेस नीत गठबंधन अपमान की द्दष्टि से बात करता है। उन्होंने आगे कहा कि यह कांग्रेस और विशेषता गांधी परिवार के संस्कारों को दर्शाता है। 
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि आज भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा हो रही है इसलिए कांग्रेस के नेताओं का कलेजा फटता है। लंबे इंतजार के बाद जिन भक्तों ने धर्म के लिए धैर्य दिखाया उन भक्तों से मेरा आह्वान है कि आने वाली 22 तारीख को घर में दीपक जरूर जलाएं। मन में राम है तो सेवा भी राम का नाम लेकर करना है। गरीब के लिए एक सेवा का कार्य जरूर करें। प्रभु राम के प्रति यही हमारी आस्था को दर्शाता है। भक्त होने के नाते हम छोटा सा अपना योगदान प्राण प्रतिष्ठा के इस ऐतिहासिक अवसर पर करें। उन्होंने कहा ‎कि नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हर धर्म का सम्मान हुआ है। आज मैं अपने लोकसभा क्षेत्र में अक्षत वितरण कार्यक्रम में राम भक्तों के मध्य रह पाई। यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है। यह भी कहना उचित होगा जिन जिन के भाग्य में है वह राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के दिन उत्सव के रूप में घर में दीप जलाकर मनाएंगे। हर मंदिर में सेवा देकर मनाएंगे। 
स्मृ‎ति ने कहा ‎कि देशभर में राम भक्तों से मेरा निवेदन है अपने घरों में दीपक जरूर जलाएं मन में अगर राम है तो किसी गरीब की सेवा जरूर  करें। इस दौरान उन्होंने योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किया। साथ ही लोगों के शिकायती पत्र लेकर समस्याओं के निस्तारण हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके पूर्व केन्द्रीय मंत्री पिंडोरियां गांव में जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुई, तत्पश्चात वहि दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।