जयपुर । पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने झालावाड़ में अपने मत का प्रयोग किया। वसुंधरा राजे अपने पोते विनायक प्रताप सिंह के साथ मतदान कर वोट देने का संदेश दिया। विनायक प्रताप सिंह ने पहली बार वोट दिया है। वसुंधरा राजे ने मतदाताओं, विशेषकर नए मतदाताओं से वोट डालने का आह्वान किया। राजे ने पहली बार वोट देने वाले नव मतदाताओं को संदेश देते हुए कहा कि वोट जरूर दें, जोरदार मतदान करें और कमल खिलाएं।
वोट डालने के बाद वसुंधरा राजे ने भरोसा जताया कि राजस्थान विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत होगी और तीन दिसंबर को मतगणना के बाद कमल खिलेगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ‘अंडर करंट’ संबंधी बयान पर टिप्पणी करते हुए राजे ने कहा, ‘मैं उनसे सहमत हूं। वास्तव में ‘अंडर करंट’ है, लेकिन भाजपा के पक्ष में है। तीन दिसंबर को कमल खिलेगा।’ बता दें कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर में कहा था कि ऐसा लगता है कि एक ‘अंडर करंट’ है और राज्य में कांग्रेस की सरकार दोबारा बनेगी।
‘भाजपा को मिलेगा ऐतिहासिक जनादेश’- वहीं भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सी पी जोशी ने भी दावा किया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक जनादेश मिलेगा। चित्तौडग़ढ़ में जोशी ने कहा, ‘कांग्रेस ने पांच साल के अपने शासन काल में लोगों को धोखा दिया और केवल भ्रष्टाचार किया। मतदाता आज मतदान में इसका जवाब देंगे। सत्ता में आने के बाद, कांग्रेस वादे भूल गई। उसने केवल भ्रष्टाचार किया है और लोगों को धोखा दिया है।’