शादी के पांच माह गुजर गए थे। इस दौरान प्रेमिका ने अपने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद पेड़ के नीचे पंचायत बैठी। प्रेमी पर 1.51 लाख जुर्माना लगाया गया। पंचायत की प्रक्रिया पूरी होते ही प्रेमिका अपने प्रेमी की बाइक पर बैठ उसके घर रवाना हो गई।

तीन-चार दिन ही रही ससुराल में

मामला कांडी थाना क्षेत्र की चटनियां पंचायत के पीपरडीह गांव का है। छाया कुमारी की शादी जून 2023 में पीपरडीह कांडी के भोला राम के बेटे से हुई थी। छाया का मायका मझिआंव प्रखंड के बोदरा गांव में है।

दो वर्षों से उसका संबंध मझिआंव प्रखंड के दलको गांव निवासी रामजी पासवान के पुत्र अंकेश कुमार पासवान से था। अपनी शादी के बाद छाया मात्र तीन-चार दिन ससुराल में रही थी। अभी वह अपने मायका में रह रही थी। दशहरा में वह ससुराल आई थी।

पति के साथ किया ऐसा व्यवहार

ससुराल में उसका अपने पति के साथ संबंध ठीक नहीं था। लड़का घर में आता तो वह छत पर चली जाती तथा लड़का छत पर जाता तो वह कमरे में आकर दरवाजा बंद कर लेती। किसी-किसी दिन तो वह पूरे दिन घर में बंद रहती। इससे ससुराल वाले डर गए कि कहीं किसी दिन कोई घटना न घट जाए।

ससुरालवालों ने लड़की के मायकेवालों को बुलाया

इस बीच ससुरालवालों ने लड़की के मायकेवालों को सूचना देकर बुलाया। मायकेवाले दलको से अंकेश व उसके घर वालों को भी साथ लेकर यहां आए थे। इसके बाद इलाके के गणमान्य लोगों को बुलाया गया।

महुआ पेड़ के नीचे गुरुवार को पंचायत बैठी। जहां भरी सभा में छाया ने कहा कि वह अपने पति संग नहीं, बल्कि अपने प्रेमी अंकेश के साथ रहना चाहती है। अंकेश ने भी कहा कि मैं इसी के साथ रहूंगा। इसके बाद पंचायत में तय हुआ कि उक्त महिला का ससुराल से अब कोई संबंध नहीं रहेगा।

साथ ही पंचों ने निर्णय लिया कि प्रेमी ने एक शादीशुदा महिला को बहकाने का काम किया है। इसलिए दंड स्वरूप प्रेमी अंकेश कुमार पासवान उक्त महिला के ससुरालवालों को 1.51 लाख रुपये दंड देगा। इस पर अंकेश ने सहमति जताई। पंचनामा पर खुशी से प्रेमी व प्रेमिका ने हस्ताक्षर भी किए।