राजधानी रांची में आए दिन हो रही विधि-व्यवस्था संबंधित समस्या को देखते हुए रांची पुलिस का बल बढ़ाने व कुछ नए पद के सृजन पर विचार चल रहा है। इसके लिए रांची एसएसपी ने ड्राफ्ट तैयार किया है, जिसे अनुशंसा के साथ पुलिस मुख्यालय को सौंपा जाएगा।

रांची एसपी सिटी के दो पद होंगे

उम्मीद है कि अगले हफ्ते पुलिस मुख्यालय तक यह प्रस्ताव पहुंच जाएगा। पुलिस मुख्यालय से यह प्रस्ताव गृह विभाग को जाएगा, जहां सरकार के स्तर पर इसे अधिसूचित करने की कवायद होगी। तैयार हो रहे प्रस्ताव के अनुसार रांची में अब एसपी सिटी के दो पद हो जाएंगे। इसमें एक पद एसपी सिटी साउथ व दूसरा एसपी सिटी नार्थ का होगा। रांची के एसपी ग्रामीण के अधीन के छह थाने जिनमें नामकुम, खरसीदाग, टाटीसिलवे, रातू, नगड़ी व कांके को एसपी सिटी के अधीन किया जाएगा। विधि व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए एक एसपी विधि व्यवस्था का पद सृजित करने पर विचार है।

धुर्वा में अलग से डीएसपी का पद सृजित होगा

धुर्वा में विधानसभा व हाई कोर्ट के शिफ्ट होने पर वहां के लिए एक अलग से डीएसपी का पद सृजित होगा। ये डीएसपी धुर्वा या डीएसपी सचिवालय के रूप में नामित किए जाएंगे। इस डीएसपी के अधीन धुर्वा व तुपुदाना थाना के अलावा पूरा सचिवालय क्षेत्र भी आएगा। ऐसे IAS अधिकारी कहां? ट्रांसफर होने पर जाते-जाते छू लिए चपरासी के पैर, लोग हुए हैरान वर्तमान में धुर्वा व तुपुदाना थाना तथा सचिवालय क्षेत्र डीएसपी हटिया के अधीन है। नए डीएसपी सचिवालय के पद सृजन से डीएसपी हटिया के पास जगन्नाथपुर, पुंदाग, अरगोड़ा, एयरपोर्ट व डोरंडा थाना ही रहेगा। रांची के खेलगांव व बीआइटी मेसरा थाना के लिए एक अंचल इंस्पेक्टर होंगे। खेलगांव, बीआइटी मेसरा, तुपुदाना, पुंदाग व एयरपोर्ट ओपी को थाने के रूप में अधिसूचित किया जाएगा। राजधानी के पुराने थाने जैसे कोतवाली, सदर, हिंदपीढ़ी, लोअर बाजार, डोरंडा, सुखदेवनगर, बरियातू, धुर्वा व जगन्नाथपुर थाने में पुलिस बल की संख्या को बढ़ाया जायेगा।