चेन्नई । कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में सिद्धरमैया के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन शुक्रवार शाम को बेंगलुरु रवाना होने वाले हैं। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सिद्धरमैया और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने स्टालिन को शपथ समारोह में शामिल होने का न्यौता भेजा था और वह एक निजी विमान से शुक्रवार शाम बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने वाले हैं। 
सिद्धरमैया शनिवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने वाले हैं। कर्नाटक की 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए 10 मई को हुए चुनाव में कांग्रेस ने 135 सीटों पर जीत के साथ स्पष्ट बहुमत हासिल किया था, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा नीत जनता दल (सेक्युलर) को क्रमश: 66 और 19 सीटों से संतोष करना पड़ा था।