लुधियाना में दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। एक व्यक्ति ने अपने बेटे और पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। दोनों की हालत इतनी नाजुक है कि दोनों को चंडीगढ़ अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक हमलावर नशे का आदी था और अक्सर अपने घर में लड़ाई झगड़ा करता था।

मामला समराला के नजदीक गांव कोटाला का है। यहां एक व्यक्ति ने तेजधार हथियार मार कर अपने बेटे और पत्नी को बुरी तरह से घायल कर दिया है। घायलों को समराला के सिविल अस्पताल में लाया गया और यहां से चंडीगढ़ अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।

बेटे और पत्नी पर किया हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज करीब सुबह 5 बजे के करीब आरोपी हरजीत सिंह ने 17 वर्षीय अपने बेटे लवप्रीत सिंह व करीब 40 वर्षीय अपनी पत्नी जसविंदर कौर को तेजधार हथियार से बुरी तरह से काट दिया, घायलों को समराला के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

नशे का आदी था आरोपित

जसविंदर कौर के भाई लखविंदर सिंह का कहना था कि कि मेरा जीजा नशा करने का आदी था और अक्सर घर में लड़ाई झगड़ा रहता था। मेरी बहन के अभी थोड़े दिन पहले दो ऑपरेशन हुए थे।

जसविंदर कौर ने बताया कि आरोपित अपने छोटे बेटे को साथ ले गया है। उसने कहा कि मेरा भांजा लवप्रीत सिंह 12वीं कक्षा में पढ़ता है। सिंह ने बताया कि आरोपित हरजीत सिंह अपने दूसरे छोटे बेटे जोत सिंह को अपने साथ ले गया।  उन्होंने कहा कि हमें डर है कि कहीं वो उसको भी कुछ कर न दे। उसकी जान को भी खतरा है।

दोनों की हालत नाजुक

समराला के सिविल अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि गांव कोटाला के एक लड़का व उसकी मां आई थी। जिनकी नाजुक हालत को देखते हुए चंडीगढ़ के अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपित की तलाश में छापेमारी की जा रही है।