गांव जाजल में एक महिला का शव फंदे पर लटका मिला है। मायका पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। उत्तर प्रदेश के जिला मुजफ्फरनगर के गांव अलीपुर अटेरना की मुमत्यिाज ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी बेटी कासमी का निकाह चार साल पहले गांव जाजल के फरमान के साथ किया था।

निकाह के बाद करने लगे प्रताड़ित

निकाह के बाद से ही उनकी बेटी को ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। फरमान व उसके परिजन ज्यादा दहेज की मांग करते थे। वह उस पर दहेज में कार लेकर आने का दबाव बना रहे थे। उसके साथ अक्सर मारपीट की जाती थी। कासमी के ससुराल पक्ष ने बेटी पर दबाव बनाकर उनसे कार खरीदने के लिए डेढ़ लाख रुपये भी ले लिए थे।

महिला को जान से मारने की देते थे धमकी

उसके बाद भी उनका दामाद फरमान उनकी बेटी को साथ नहीं रखने और जान से मारने की धमकी देता था। शनिवार को सुबह करीब दस बजे उनके पास कासमी की काल आई थी। वह काफी डरी हुई थी। बाद में उन्हें पता लगा कि कासमी ने फंदा लगा लिया है, जिस पर गांव के जिम्मेदार लोग जाजल पहुंचे। मुमत्यिाज ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को चोट मारकर फंदे पर लटकाया गया है।

दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज

पुलिस ने कासमी के पति फरमान, ससुर इस्तहाक उर्फ बबलू के साथ उनके परिवार के उस्मान, रीना, इरफान और इमराना पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।