मध्य प्रदेश काफी खूबसूरत राज्य है।यहां कई सारे पर्यटन स्थल हैं। मध्य प्रदेश में कई ऐसे शहर हैं, जो आपको अपनी ओर आकर्षित करते हैं। अगर आपको घूमना पसंद है, जो इंदौर में आपको हरे भरे उद्यान, सुंदर झीलें, प्राचीन धार्मिक स्थल और झरने आदि देखने को मिल जाएंगे। वैसे तो मध्य प्रदेश के कई खूबसूरत शहर हैं, जो कई कारणों से देश विदेश में प्रसिद्ध हैं।

पातालपानी : इंदौर के करीब ही घूमने के लिए पातालपानी नाम की जगह है। पातालपानी एक झरना है, जो 250 फीट की अधिक ऊंचाई से गिरता है। इस वाटरफॉल के देखकर आपका मन संतुष्ट हो जाएगा। इस जलप्रपात के पास की हरियाली भी आपका मन मोह लेगी। इंदौर से लगभग 40 किलोमीटर की दूरी पर पातालपानी स्थित है।

ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग : इंदौर से लगभग 80 किलोमीटर की दूरी पर देश के सबसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में से एक ओंकारेश्वर स्थित है। ओंकारेश्वर 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है। नर्मदा और कावेरी नदी के संगम पर स्थित ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने के लिए दूर दराज से भक्त पहुंचते हैं। यहां काजल रानी गुफा, अहिल्या घाट, पेशावर घाट, ओंकारेश्वर बांध और सिद्धनाथ मंदिर को भी आप घूमने जा सकते हैं।

रालामंडल वाइल्ड लाइफ अभयारण्य : इंदौर से 15 किलोमीटर की दूरी पर रालामंडल वाइल्ड लाइफ अभयारण्य घूमने के लिए प्राकृतिकता से परिपूर्ण स्थान है। यहां किसी भी मौसम में लोग घूमने जा सकते हैं। यहां कई ऐसे जानवर देखने को मिल सकते हैं जो विलुप्त होने की कगार पर हैं। इस जगह को प्रवासी पक्षियों का घर पर कहा जाता है। रालामंडल अभयारण्य के अंदर एक पार्क भी बना है, जहां परिवार और बच्चों के साथ घूमने जा सकते हैं। साथ ही जंगल सफारी का भी लुत्फ उठा सकते हैं।

तिंछा वॉटरफॉल : मध्य प्रदेश में कई सुंदर और प्राकृतिक जलप्रपात हैं। इन्हीं में से एक तिंछा वाॅटर फाॅल है। इंदौर से 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित तिंछा वाॅटर फाॅल को इसकी प्राकृतिक सुंदरता के कारण मध्यप्रदेश का स्वर्ग कहा जा जाता है। तिंछा वाॅटर फाॅल एक प्रसिद्ध कुंड भी है।