राजस्थान के जयपुर में दो लड़कों में शराब पार्टी के बाद 4 मंजिला अपार्टमेंट की छत पर झगड़ा हो गया। झगड़ा करते-करते दोनों छत से नीचे गिर गए, जिससे दोनों की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह पास के मकान की छत पर दोनों शव पड़े हुए मिले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मानसरोवर किरण पथ स्थित एक अपार्टमेंट के पीछे मकान की छत पर दो लड़कों के शव पड़े हुए थे। मृतकों की पहचान मनोज मीना (23) भीलवाड़ा और संजय मीना (24) जहाजपुर निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि संजय घटनास्थल के पीछे ही स्थित चार अपार्टमेंट में किराए पर रहता था। वहीं मनोज मीना भी पास में ही किराए पर कमरा लेकर रहता था।  

पुलिस ने बताया कि संजय और मनोज गुरुवार शाम को पार्टी के लिए शराब खरीदकर लाए थे। रात को दोनों ने एक दोस्त के साथ मिलकर पार्टी की। उनके कमरे में बना हुआ खाना भी मिला है। देर रात पार्टी खत्म होने के बाद तीसरा साथी अपने घर चला गया। इसके बाद संजय और मनोज अपार्टमेंट की छत पर पहुंचे। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों का झगड़ा हो गया, दोनों ने एक दूसरे के साथ मारपीट की। झगड़ा करते-करते दोनों छत से नीचे गिर गए। पुलिस का मानना है कि 40 फीट नीचे गिरने के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने उठने का प्रयास किया, लेकिन उठ नहीं पाए, आखिर में उन्होंने दम तोड़ दिया।