भोपाल। राजधानी के हबीबगंज क्षेत्र में मानसरोवर कांप्लेक्स के पास शांति नगर झुग्गी बस्‍ती में आग की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। घटना शनिवार देर रात की है। युवक ने ठंड से बचने के लिए झुग्गी में पन्‍नियां और गत्‍ते इकट्ठा कर आग जलाई थी। इसके बाद वह सो गया। सोते समय उसके बिस्‍तर ने आग पकड़ ली और युवक भी उसकी चपेट में आ गया। परिजन उसेे पहले जेपी अस्पताल लेकर गए, जहां उसकी गंभीर हालत को देखकर उसे हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

हबीबगंज थाने के एसआइ शुभम पांडे के मुताबिक अभिषेक खरे (22) शांति नगर झुग्गी बस्‍ती में अपनी मां के रहता था। वह कबाड़ बीनने का काम करता था। शनिवार रात को अभिषेक अपनी झुग्गी में बिस्तर के पास आग जलाकर सोया था। रात करीब साढ़े 12 बजे के आसपास आग उसके बिस्तर तक पहुंच गई। इससे उसका बिस्‍तर देखते ही देखते आग ने अभिषेक के पैर को चपेट में ले लिया। जब तक वह संभल पाता उसके शरीर का कमर से नीचे का हिस्सा बुरी तरह से झुलस गया था। हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार सुबह करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई। एसआइ पांडे ने बताया कि अभिषेक शराब पीने का आदी था। शनिवार रात भी वह संभवत: शराब के नशे में ही सोया था। इसी वजह से आग लगने पर वजह जल्‍दी नहीं उठ पाया। स्वजन के बयान के बाद स्थिति और साफ होगी। फिलहाल मामला जांच में है।