आर माधवन की फिल्म 'रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट' को दर्शकों का बेहद प्यार मिला। सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म में माधवन ने इसरो साइंटिस्ट नंबी नारायण की कहानी को दिखाया था। इस फिल्म के समर्थन में कई कलाकारों ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था। वहीं, अब इस फिल्म के लिए माधवन को साउथ सुपरस्टार रजनीकांत ने सम्मानित किया है। हाल ही में, रजनीकांत ने आर माधवन और नंबी नारायण से मुलाकात की। साउथ सुपरस्टार ने फिल्म की सफलता के बाद माधवन और नंबी नारायण को सम्मानित किया। आर माधवन ने सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें शेयर की हैं। पहले वीडियो में रजनीकांत माधवन को शॉल ओढ़ाते हैं, जिसके बाद माधवन रजनीकांत के पैर छूते हैं। दूसरे वीडियो में रजनीकांत नंबी नारायण को शॉल ओढ़ाते दिख रहे हैं। इसके बाद, इस मौके की दो खूबसूरत तस्वीरें भी दिखाई गई हैं, जो सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रही हैं। फैंस इस पोस्ट पर कमेंट कर अपना प्यार जाहिर कर रहे हैं। 
 
आर माधवन ने इस पोस्ट के साथ एक खूबसूरत कैप्शन दिया है, जिसमें उन्होंने रजनीकांत का धन्यवाद कहा है। उन्होंने लिखा, 'जब आपको एक-मैन इंडस्ट्री और खुद लीजेंड के सामने दूसरे लीजेंड से आशीर्वाद मिलता है। यह अनंत काल के लिए अंकित क्षण होता है। आपके दयालु शब्द और प्यार के लिए धन्यवाद रजनीकांत सर। इस प्रेरणा ने हमें पूरी तरह से तरोताजा कर दिया है। हम आपको पूरी दुनिया की तरह प्यार करते हैं।'