उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत केंद्रीय मंत्रियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी। सोशल मीडिया पर भी मुख्यमंत्री को बधाई संदेश प्राप्त हो रहे हैं। इस बीच, आदित्यनाथ ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर परिसर की गोशाला में पौधारोपण किया.गोरखपुर प्रवास के दौरान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने ट्वीट किया, 'यूपी के गतिशील मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को जन्मदिन की बधाई। उनके कुशल नेतृत्व में, राज्य ने प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने राज्य के लोगों के लिए जन-समर्थक शासन सुनिश्चित किया है। लोगों की सेवा के लिए उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करते हैं।'

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी उत्तर प्रदेश को 'विकासोन्मुखी सरकार' देने के लिए आदित्यनाथ के जन्मदिन पर उनकी प्रशंसा की। शाह ने ट्वीट कर कहा, 'मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को जन्मदिन की बधाई। मोदी जी के मार्गदर्शन में आपने जिस तरह उत्तर प्रदेश को गुंडा राज और माफिया राज से मुक्त कराकर विकासोन्मुख सरकार दी है, उससे प्रदेश  राज्य नए रिकॉर्ड बना रहा है। प्रगति कर रहा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि आप स्वस्थ रहें और दीर्घायु हों।'