उदयपुर | शिमला ग्रामीण से कांग्रेस विधायक और दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। विक्रमादित्य सिंह के खिलाफ उदयपुर की एक अदालत ने गैर जमानती वारंट जारी किया है। विक्रमादित्य की पत्नी ने उनपर घरेलू हिंसा का केस दर्ज करवाया था।

मीडिया रिपोर्टस के अनुसार 17 अक्टूबर को विक्रमादित्य सिंह की पत्नी सुदर्शना ने घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले को लेकर उदयपुर की अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत में 17 नवंबर 2022 को सुनवाई हुई लेकिन विक्रमादित्य सिंह पहली सुनवाई में कोर्ट में पेश नहीं हुए थे। अब अदालत ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया है। इस मामले की 14 दिसंबर 2022 को सुनवाई होगी।

विक्रमादित्य की पत्नी सुदर्शना ने आरोप लगाया है कि शादी के कुछ दिन बाद ही उनके साथ घरेलू हिंसा शुरू हो गई। बता दें कि 2019 में विक्रमादित्य सिंह ने मेवाड़ राजवंश की राजकुमारी सुदर्शना चूंडावत से शादी की थी। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह मृत्यु जून 2021 में हुई थी। उसके बाद से विक्रमादित्य सिंह और सुदर्शना अलग रह रहे हैं।