नक्सल प्रभावित गया में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ अभियान में एक हार्ड कोर नक्सली को बड़े हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर बड़ी संख्या में कारतूस और अन्य नक्सली साजो सामान के साथ एके-47 जैसे बड़े हथियार बरामद किए गए हैं। शनिवार की शाम ऑपरेशन शुरू किया गया जो देर रात तक चला। जानकारी मिल रही है कि यह अभियान अभी जारी है। ऑपरेशन में जिला पुलिस के साथ सीआरपीएफ भी शामिल है। इमामगंज के दुखदपुर गांव में यह कार्रवाई की गयी। गुप्त सूचना मिली थी कि हार्डकोर नक्सली अशोक भोक्ता इसी इलाके में मौजूद था। उसके आधार पर सुरक्षाबलों द्वारा रणनीति बनाकर छापेमारी की गई। कार्रवाई में अशोक भोक्ता पकड़ा गया।  एक बोरा बरामद किया गया जिसमें एके-47 और इंसास के साथ एक और बड़ा हथियार छिपाकर रखा गया था। हालांकि, बरामदगी को लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है।पुलिस गिरफ्तार अशोक भोक्ता से पूछताछ कर रही है।