भोपाल : नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने उज्जैन में महाकालेश्वर मन्दिर में भगवान महाकालेश्वर के दर्शन के बाद स्मार्ट सिटी एवं श्री महाकालेश्वर मन्दिर द्वारा किये जा रहे श्री महाकाल महाराज क्षेत्र विस्तार योजना के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान फेसिलिटी सेन्टर-2 में महाकाल कॉरिडोर को देखा। साथ ही लोटस पोंड, त्रिवेणी संग्रहालय के निकट बनाई गई विभिन्न प्रतिमाओं एवं बड़े रूद्र सागर के गहरीकरण के कार्य का अवलोकन किया। मंत्री श्री सिंह ने फेज-1 और फेज-2 का कार्य 15 मई तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रीन एरिया बढ़ाएँ और फाउंटेन लगवाएँ।

मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह को कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने किये जा रहे कार्यों और रूद्र सागर में स्वच्छ जल भरने को लेकर की गई तैयारी की जानकारी दी। निरीक्षण के बाद नगरीय विकास मंत्री श्री सिंह ने कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि महाकाल महाराज क्षेत्र विस्तार योजना में किये जा रहे कार्य पूर्णता की ओर हैं। इन कार्यों में सांस्कृतिक इतिहास की झलक मिलती है। यहाँ पर बनाई गई कलात्मक मूर्तियाँ सजीव लगती है। कार्य पूर्ण होने और इसके लोकार्पण के बाद निश्चित रूप से उज्जैन के धार्मिक पर्यटन में वृद्धि होगी। उज्जैन का नाम काशी के बाद सम्पूर्ण देश में प्रचारित होगा। इस मौके पर विधायक, जन-प्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।