सूजी एक ऐसा फूड आइटम है जिसका इस्तेमाल कई सारे डिशेज तैयार करने के लिए किया जाता है। सूजी का नाम आते ही सबसे पहले सूजी का हलवा ही याद आता है लेकिन इससे कई और भी स्वादिष्ट डिशेज बनाई जा सकती हैं। गुलाब जामुन से लेकर उत्तपम, अप्पे से लेकर ब्रेड पिज्जा, उपमा से लेकर रवा डोसा और कई तरह के कुरकुरे स्नैक्स सूजी से बनाए जाते हैं। आप भी ट्राई कर सकते हैं ये आसान, हेल्दी और टेस्टी डिशेज जो जल्दी से ही बन जाती हैं।

उपमा - गरम तेल में राई, करी पत्ता, चना दाल और लाल मिर्च के तड़के के साथ सूजी और पानी मिलाकर इसे तैयार किया जाता है

रवा टोस्ट या ब्रेड पिज्जा - सूजी, दही, बारीक कटी कुछ सब्जियां, स्वीट कॉर्न के साथ यह मिश्रण तैयार किया जाता है। ब्रेड पर इस मिश्रण को लगाकर अच्छे से सेंक लें।


अप्पे या अप्पम - सूजी, दही, नमक-मिर्च, मनपसंद बारीक कटी सब्जियों के साथ इसका बैटर तैयार किया जाता है। अप्पे पैन में इस बैटर को डालकर इसे अच्छे से सेंक लिया जाता है।

उत्तपम - सूजी में दही, बारीक कटी सब्जियां और कुछ मसालों के साथ इसका बैटर बनता है और हल्के गरम तवे पर इसे फैलाया जाता है। इसे आप नायरियल चटनी या केचअप के साथ भी खा सकते हैं।

रवा डोसा - सूजी, चावल का आटा और दही के साथ इसका बैटर तैयार किया जाता है। कुछ ही मिनटों में यह हेल्दी स्नैक तैयार हो जाता है।

रवा ढोकला - बेसन की जगह सूजी का भी इस्तेमाल ढोकला बनाने के लिए किया जा सकता है। बेसन ढोकला के मुकाबले यह हल्का और उतना ही स्वादिष्ट रहेगा।

रवा या सूजी बॉल्स - एक पैन में तेल के साथ नमक और मिर्च डालकर पानी मिलाएं। उबाल आने पर भूनी सूजी मिलाएं और तैयार मिश्रण से छोटी छोटी बॉल्स बना लें। स्टीम करें और तड़का लगा लें।

रवा केक - रवा केक के लिए एक बड़े बर्तन में दही, चीनी, कुछ सूखे मेवे और एसेंस के साथ सूजी को मिलाकर बैटर बना लें और बेकिंग डिश में रखकर उसे बेक कर लें।

गुलाब जामुन - छैने की बजाय आप सूजी से भी स्वादिष्ट गुलाब जामुन बना सकते हैं। दूध में घी, चीनी और रवा डालकर पका लें। तैयार हुए इस मिश्रण से छोटी छोटी गोलियां बना लें। उन्हें तलें, चाशनी में डालें और गरमा-गरम गुलाब जामुन का लुत्फ उठाएं।

'एवरग्रीन' सूजी का हलवा - सूजी को घी में खुशबू आने तक अच्छे से भून लें। एक अलग पैन में चाशनी बना लें। भुनी सूजी को चाशनी में मिला लें और ड्राईफ्रूट्स डालकर गरमा-गरम सर्व करें।