हरियाणा के अंबाला जिले में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। श्री कृष्ण जन्मोत्सव पर आज शाम को मंदिरों में कान्हा जी की झांकियां निकाली जाएंगी। सनातन धर्म मंदिर, श्री राधा-कृष्ण प्राचीन मंदिर समेत समस्त मंदिरों में राधा-कृष्ण जी को रंग बिरंगी पोशाक, बांसुरी और मुकुट के साथ सजाया गया है। मंदिरों में कान्हा जी का झूले लगाए गए हैं। आज रात को सनातन धर्म मंदिर में रासलीला, रामेश्वर शिवलिंग समेत संकीर्तन जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

श्री राधा-कृष्ण मंदिर के पुजारी सतीश प्रसाद ने बताया कि आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाया जा रहा है। श्रद्धालुओं ने व्रत रखा है। आज रात 9:21 बजे से अष्टमी तिथि शुरू हो रही है। इसलिए मंदिरों में आज रात को ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। यहां विशेष झांकियां निकाली जाएंगी। श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। आज रात 12:20 से लेकर 1:05 बजे तक का पूजा के लिए सबसे शुभ समय है।