लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट के टॉप 10 टॉपर्स को सम्मानित करने के साथ ही उनसे संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने कुछ टापरों से पूछा कि आप लाइब्रेरी जाते हैं या नहीं?, अखबार पढ़ते हैं या नहीं? लाइब्रेरी और अखबार पढ़ने के सवाल पर छात्रों की ओर से जवाब नहीं आया तो मुख्यमंत्री योगी ने उन्हें इसके महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि कॉम्प्टीशन में सफलता के लिए अपडेट रहना जरूरी है। 
राजधानी लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अखबार में सिर्फ स्वयं से सम्बन्धित ही नहीं पूरी न्यूज को पढ़ना चाहिए। अखबार का सम्पादकीय पृष्ठ बहुत सारी जानकारियों का खजाना होता है। देश-दुनिया की बहुत सारी जानकारियां आपको मिलेंगी। देश के प्रमुख चिंतकों, लेखकों, विद्वानों और राजनेताओं के आर्टिकल होते हैं। उनसे आपका सामान्य ज्ञान बहुत अच्छा हो जाएगा। अखबार आपको हमेशा अपडेट करेगा। इंटरमीडिएट की परीक्षा पास करने के बाद आप ग्रेजुएशन में प्रवेश कर गए। आप कॉम्प्टीशन की तैयारी करेंगे। खुद को अपडेट रखने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सभी टापर्स से उनकी आगे की योजना के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि अपनी तैयारी और सफलता के बारे में आत्मविश्वास होना चाहिए। हिम्मत नहीं हारनी चाहिए। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता। जितना परिश्रम करेंगे, परिणाम उतना ही अच्छा आएगा। परिश्रम सकारात्मक और सार्थक दिशा में होना चाहिए। सफल वह होता है जो छोटी-छोटी गलतियों को सुधार कर आगे बढ़ता जाता है। विफल वही होता है जो जानने के बाद भी गलतियों की तरफ ध्यान नहीं देता है।