शुक्रवार की रात बरात से लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्‍या के बाद भारी बवाल हो गया। युवक की हत्‍या से गुस्‍साए लोगों ने एक परिवार पर इस घटना का आरोप लगाकर उनके घर में आग लग दी। इस घटना में एक महिला की झुलस कर मौत हो गई, वहीं घर में मौजूद रहे कई लोग घायल हो गए हैं। यह पूरा वाकया शुक्रवार की रात ही हुआ। मौके पर तनाव देख बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। महाराजगंज थाना क्षेत्र के बलऊ ईंट भट्ठा के समीप घात लगाए बदमाशों ने बरात से वापस लौट रहे 21 वर्षीय  युवक की गोली मार कर हत्या कर दी। घटना शुक्रवार की रात 10 बजे की है। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के बलऊ पंचायत के नेरुआ गांव निवासी संजय साह के 21 वर्षीय पुत्र सागर कुमार उर्फ एमपी साह के रूप में हुई। बदमाशों ने सागर को सिर में गोली मारी थी। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया।