नई दिल्ली । ‎‎फिलहाल मानसून ने दस्तक दे ही है। केरल तथा तटीय कर्नाटक में जहां भारी बा‎‎रिश शुरु हो चुकी है वहीं उत्तर भारत अभी भी गर्मी से बुरी तरह तप रहा है। देशभर में मौसम का मिजाज बदल रहा है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में जहां पारा बढ़ने से लोग बेहाल हैं, वहीं, मानसून के आगमन से केरल और तटीय कर्नाटक में भारी बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि दिल्ली एनसीआर के लोगों को अभी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। तापमान लगातार बढ़ेगा। आईएमडी के मुताबिक, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, पंजाब, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में अगले तीन से चार दिन तक लू यानी हीटवेव चलने की संभावना है। इधर उत्तर प्रदेश में कई इलाकों में तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच गया है। लोगों का घरों से निकलना मुश्किल है। अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। इधर पंजाब में भी लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि आईएमडी ने कहा है ‎कि रविवार को कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
देश की राजधानी दिल्ली में गर्मी का सितम जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज पारा 42 डिग्री के पार पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही, हल्की बारिश की भी संभावना व्यक्त की गई है। यहां चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के अगले 24 घंटे में और भी ज्यादा तेज होने की संभावना है। यह तूफान उत्तर- उत्तर पूर्व की ओर बढ़ रहा है। इससे अरब सागर तट पर वलसाड में तीथल बीच पर ऊंची लहरें उठ रही हैं, जिसके चलते तीथल बीच को 14 जून तक पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है। अब इसके कर्नाटक और तमिलनाडु में प्रवेश करने की तैयारी है। वहीं, उत्तर पूर्व राज्यों में अगले दो दिनों में बारिश होने की संभावना है। इसकी वजह उत्तर पूर्वी बंगाल की खाड़ी पर कम दबाव का क्षेत्र बनना है।
भारतीय मौसम ‎‎विभाग के मुताबिक, पूर्वोत्तर भारत मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आज भारी बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में सोमवार और मंगलवार को भारी बारिश होने की संभावना है। दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में अगले तीन दिनों के दौरान भारी बारिश होने की संभावना है। उपहिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में रविवार से मंगलवार तक भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, भारत के मध्य क्षेत्रों में अगले दो दिनों में पारा कम होगा।