भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बजरंग दल को बैन करने को लेकर कहा, बजरंग बली को आप मानते हो, बजरंग बली की तुलना बजरंग दल से करना धार्मिक था कि अधार्मिक? मैं मोदी जी से कहता हूं कि आपने बजरंग बली की तुलना गुंडों की जमात बजरंग दल से की है। माफी मांगिए। मैं हनुमान भक्त हूं। मुझसे बड़े हनुमान भक्त कमलनाथ जी हैं। उन्होंने छिंदवाड़ा में देश की सबसे बड़ी मूर्ति लगाई है। मोदी जी ने हमारी आस्था को अपमानित किया है। मोदी जी माफी मांगें। दिग्विजय सिंह बुरहानपुर दौरे पर हैं। स्थानीय सर्किट हाउस पर बुधवार को उन्होंने मीडिया से चर्चा की। इस दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि शिवराज सिंह कहते हैं कि कर्जा माफ ही नहीं हुआ। भाजपा कहती है कर्जा माफ ही नहीं हुआ। शिवराज सिंह जी आपके जैत गांव में आपका निवास जहां है, वहां के आपके रिश्तेदारों की सूची हमारे पास है, जिनके कर्जे माफ हुए हैं।
सीएम शिवराज के बेटे कार्तिकेय ने मंगलवार को ट्वीट किया था कि नकुलनाथ जब अमेरिका में थे, तब देख में सिख नरसंहार हो रहा था। इसी को लेकर जब दिग्गी से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा- 1984 में हुए दंगों को लेकर लगभग 40 साल बाद भी अब तक एफआईआर दर्ज क्यों नहीं हुई। अटल जी के समय भाजपा की सरकार 6 साल रही। केंद्र में गैर कांग्रेसी सरकारें रहीं। आज तक मुकदमा दायर क्यों नहीं हुआ कमलनाथ जी पर। कमलनाथ जी डरकर उनके घर नहीं चले जाएंगे। वे हिम्मत वाले व्यक्ति हैं और उनका कोई लेना-देना नहीं था सिखों के दंगों से। यहां तक कि आप छिंदवाड़ा के सिख लोगों से पूछ लीजिए कि कमलनाथ ने उनके लिए कितना किया है। प्रदेश के हमारे सिख समुदाय के लिए कितना किया है।
दिग्विजय सिंह ने कहा, आज भाजपा बंट गई है। शिवराज भाजपा, महाराज भाजपा और नाराज भाजपा। आपके बुरहानपुर में भी कई आरएसएस और जनसंघ के परिवारों में जाकर पूछ लो। जो दलाल भाजपा के ठेकेदार नए-नए तैयार हो गए। महाराज और शिवराज भाजपा के पास फॉच्र्यूनर है, पुराने जनसंघियों के पास साइकिल तक नहीं है। साइकिल से चल-चल के, चने खा-खाके, जिन्होंने जनसंघ को जमाया कहां हैं वो लोग? कौन पूछ रहा है उनको? हालात यह है कि सागर जिले के सभी भाजपा मंत्री, विधायक ने जाकर शिकायत की है महाराज भाजपा के नेता गोविंद सिंह राजपूत की। इसको ठीक करो नहीं तो हम लोग इस्तीफा देंगे। ये तो शुरुआत है। अभी तो टिकट बंटते समय देखना महाराज भाजपा की हालत क्या होती है। महाराज को समझ में नहीं आएगा कि कहां आ गए।
दिग्विजय सिंह ने प्रदेश में घोटालों का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा- तुलना करना है तो आ जाओ शिवराज सिंह चौहान। 20 साल में किस कदर भ्रष्टाचार बढ़ा है। डंपर केस का क्या हुआ? व्यापमं का क्या हुआ? घोटले पर घोटाला। ई-टेंडरिंग के घोटाले का क्या हुआ? पाकिस्तान के लिए जासूसी करते बजरंग दल के लड़के पकड़े गए, भाजपा आईटी सेल के लोग पकड़े गए, उसका क्या हुआ? उन पर राजद्रोह का मुकदमा क्यों दर्ज नहीं हुआ? उनकी जमानत कैसे होने दी? आ जाओ सामने, पोषण आहार में खा गए, बच्चों की ड्रेस में खा गए, नीचे से ऊपर तक लोग खा रहे हैं। तोल कांटे में प्रोग्रामिंग की हुई है। ये सारा जवाब दें।