इंग्लिश प्रीमियर लीग में इंग्लैंड के स्टार फुटबॉलर हैरी केन ने शनिवार (20 अगस्त) को इतिहास रच दिया। हैरी केन प्रीमियर लीग इतिहास में एक क्लब के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने मैनचेस्टर सिटी के सर्जियो अगुएरो के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। हैरी केन के गोल की बदौलत टॉटनहम हॉटस्पर ने वूल्व्स को 1-0 से हरा दिया।हैरी केन ने टॉटनहम के लिए प्रीमियर लीग में 185वां गोल किया। अगुएरो ने मैनचेस्टर सिटी के लिए 184 गोल दागे थे। केन का यह टॉटनहम के लिए प्रीमियर लीग के साथ-साथ सभी टूर्नामेंट को जोड़ते हुए कुल 250वां गोल था। केन प्रीमियर लीग में सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में चौथे स्थान पर हैं। उनसे आगे एलन शिएरर (260 गोल), वेन रूनी (207 गोल) और एंडी कोले (187 गोल) हैं।

हैरी केन के ऐतिहासिक गोल ने टॉटनहम को अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचा दिया है। उसके तीन मैच में सात अंक हो गए हैं। टॉटनहम की टीम दो मैच जीती है और एक मुकाबला ड्रॉ रहा है। उसके बाद दूसरे स्थान पर मैनचेस्टर सिटी की टीम है। उसके दो मैच में दो जीत के साथ छह अंक हैं। आर्सेनल के भी दो मैच में छह अंक हैं और वह तीसरे पायदान पर है।