रांची । केंद्र की मोदी सरकार की अग्निपथ योजना पर प्रदर्शन के बीच कांग्रेसी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित बयान दिया है। कांग्रेस नेता ने पीएम मोदी की तुलना हिटलर से की। इसी दौरान उन्होंने बेहद विवादित टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी हिटलर के नक्शेकदम पर चल रहे हैं। हिटलर भी इसी राह पर चल रहा था फिर...। हालांकि, कांग्रेस नेता के बयान पर जैसे ही बवाल बढ़ा तब पूर्व केंद्रीय मंत्री ने सफाई में कहा कि उन्होंने जो कहा वहां स्लोगन है। ये नारा है। खुद नरेंद्र मोदी से पूछिएगा  वहां भी ये नारा लगा चुके होंगे। कांग्रेस नेता सहाय ने कहा कि 'हिटलर ने भी ऐसी ही एक संस्था बनाई थी उसका नाम था खाकी, सेना के बीच से उसने ये संस्था बनाई थी। पीएम मोदी भी हिटलर की राह चल रहे हैं तो...। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने इसके बाद पीएम मोदी के लिए बेहद विवादित टिप्पणी की। पूरा घटनाक्रम तब सामने आया जब अग्निपथ स्कीम के खिलाफ कांग्रेस का जंतर-मंतर पर सत्याग्रह चल रहा था।
सहाय ने बाद में अपने बयान पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि जो मैंने कहा वहां एक नारा है। मोदी कहां से आ गए उनसे पूछिए क्या चल रहे वो। ये हर जमाने में हम नारे लगाते रहे हैं। अग्निपथ पर डिफेंड करने के लिए जो तीनों जनरल को आगे किए हैं पहले कभी भी ऐसा नहीं होता है कि सरकार के किसी भी स्कीम को उसका पदाधिकारी डिफेंड करता है। प्रधानमंत्री कहां हैं, कहां हैं रक्षामंत्री, क्योंकि सेना सर्वमान्य सर्व सम्मान है। एक बार फिर से उन्होंने अपने विवादित कमेंट पर कहा कि ये बयान नहीं स्लोगन है।
ये कोई पहला मामला नहीं है जब कांग्रेस के किसी नेता ने ऐसा कमेंट किया है। इससे पहले महाराष्ट्र के भी एक कांग्रेस नेता शेख हुसैन ने पीएम मोदी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। हालांकि, बाद में उन्होंने सफाई देते हुए कहा था कि पीएम मोदी सौ साल जिएं। जिस तरह से प्रवर्तन निदेशालय लगातार कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से पूछताछ कर रही है। इस लेकर कांग्रेसी नेताओं में नाराजगी है। माना जा रहा कि सुबोध कांत सहाय ने इस कार्रवाई के आक्रोश में और केंद्र की 'अग्निपथ' योजना को लेकर प्रधानमंत्री पर ऐसा कमेंट किया है। दिल्ली के जंतर मंतर पर कांग्रेस के सत्याग्रह में राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा, 'हमारी ये विचारधारा की लड़ाई है। हमारी भाजपा और मोदी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। वहां हमें दुश्मन मानते हैं। कांग्रेस मुक्त भारत बनाना चाहते हैं। आप लोगों के बाप-दादा आ जाएंगे तब भी ये कांग्रेस मुक्त भारत नहीं बनने वाला है।' 

सहाय की विवादित टिप्पणी, कांग्रेस ने किया किनारा
सुबोधकांत सहाय की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि ‘अगर वह हिटलर की राह चलते हैं, तो हिटलर की मौत मरेंगे।’ कांग्रेस ने उनके बयान से किनारा करते हुए कहा कि वह मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों से लड़ती रहेगी, लेकिन प्रधानमंत्री पर अमर्यादित टिप्पणी से सहमत नहीं है। सहाय ने सेना में भर्ती की ‘अग्निपथ’ योजना और राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय की पूछताछ के खिलाफ आयोजित कांग्रेस के ‘सत्याग्रह’ में यह विवादित टिप्पणी की।
सहाय ने कहा, मोदी से आंख में आंख डालकर बात करने वाला कोई व्यक्ति है, तब वह राहुल गांधी हैं। मोदी उन्हें गीदड़ भभकी से डराना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड की सरकार गिराने के लिए केंद्र सरकार की ओर से रोजाना छापेमारी कराई जा रही है। सहाय ने आरोप लगाया, ‘‘यह लुटेरों की सरकार है। मोदी मदारी के रूप में इस देश में तानाशाह के रूप में आ गए हैं। मुझे तो लगता है कि उन्होंने हिटलर का सारा इतिहास पार कर लिया...मोदी हिटलर की राह चलेगा तो हिटलर की मौत मरेगा। यह याद कर लेना मोदी।’’