लखनऊ ।  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने  कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत और अफ्रीका महाद्वीप के संबंध एक नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहे हैं। सीएम योगी ने गौतमबुद्धनगर में यूनेस्को-इंडिया-अफ्रीका हैकथॉन का शुभारंभ किया। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि 22 देशों के 400 से अधिक छात्र-छात्राएं और प्रतिनिधि हैकथॉन में भाग लेने के लिए यहां आए हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत-अफ्रीका के रिश्ते संयोग वाले संबंधों की एक अद्भुत मिसाल हैं। उपनिवेशवाद के खिलाफ एकजुटता, विकासशील देशों के बीच सहयोग की सच्ची भावना भारत-अफ्रीका महाद्वीप के मजबूत रिश्तों की आधारशिला रही है। हम जानते हैं भारतीय मनीषा में सदैव से विश्व कल्याण के जिन भावों को व्यक्त किया है, आज भी वह विश्व कल्याण का माध्यम बन सकता है। भारतीय मनीषा की अभिव्यक्ति वसुधैव कुटुम्बकम् के भावों का प्रतिनिधित्व करती है। भारत सदैव इसको अनुसरण करते हुए विश्व बंधुत्व के भाव को प्रबल करता रहा है। हैकथॉन भी हमारी इसी लोककल्याणकारी नीति का प्रतीक है।
अफ्रीका के कई देशों से आए डेलिगेट्स, छात्रों का अभिनंदन करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भारत ने कभी भी तलवार के बल पर किसी पर प्रभुत्व स्थापित नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र में भारत की नीति पर प्रकाश डालते हुए बहुत स्पष्ट शब्दों में कहा था, भारत ने दुनिया को युद्ध नहीं बुद्ध दिया है। भारत ने पूरी दुनिया को शांति का संदेश दिया है। भगवान श्रीराम की गाथा विश्व समुदाय के समक्ष मानव जीवन के सच्चे आदर्शों को व्यक्त करती है। अफ्रीका महाद्वीप के मॉरिशस में भगवान राम की आराधना और रामायण का प्रभाव सर्वविदित है। उत्तर प्रदेश भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण और महात्मा बुद्ध की धरती है।