दो दोस्तों की हत्या कर मंदिर परिसर में दफनाए शव, बागपत में वारदात से मचा हड़कंप
बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाला हत्या का मामला प्रकाश में आया है। जनपद के सिगोली तगा गांव से बीते 25 जुलाई से रहस्यमय तरीके से लापता हुए दो दोस्तों की हत्या किए जाने का खुलासा हुआ है। दोनों युवकों के शव लहचौड़ा गांव स्थित एक मंदिर परिसर में जमीन के नीचे गड़े हुए बरामद किए गए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीती रात दोनों शवों को गड्ढे से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने का मुख्य आरोपी मंदिर का पुजारी फरार बताया जा रहा है, जबकि पुलिस ने उसके दो शिष्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से मृतक परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
25 जुलाई से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब थे दोनों युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिगोली तगा निवासी 28 वर्षीय इसरार (पुत्र रिड़कू) और उसी गांव का रहने वाला 28 वर्षीय दिव्यांग युवक अंकित (पुत्र मुकेश) आपस में घनिष्ठ मित्र थे। गत 25 जुलाई को दोनों युवक अपने घरों से बाइक पर सवार होकर घूमने के लिए निकले थे, लेकिन जब देर शाम तक वे वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी अपने स्तर पर काफी तलाश की।
जब उनका कोई सुता नहीं लगा, तो चिंतित परिजनों ने आगामी 27 जुलाई को चांदीनगर थाने पहुंचकर दोनों की गुमशुदगी की औपचारिक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तभी से स्थानीय पुलिस लगातार दोनों लापता युवकों की तलाश में जुटी हुई थी।
मुखबिर की सूचना पर मंदिर में हुई छापेमारी, गड्ढे से निकले शव
जांच के दौरान पुलिस को एक पुख्ता मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने रटौल मार्ग पर स्थित लहचौड़ा के गणेश मंदिर के महंत नरेश नाथ से पूछताछ करने का प्रयास किया, लेकिन वह मौके से फरार मिला। पुलिस ने जब संदेह के आधार पर मंदिर में मौजूद उसके दो शिष्यों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो सनसनीखेज सच सामने आया।
गत 13 अगस्त की रात्रि करीब तीन बजे पुलिस ने लहचौड़ा के गणेश मंदिर के प्रांगण में खुदाई करवाकर वहां गड्ढे में दबाए गए दोनों लापता दोस्तों के शवों को बरामद कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मृतकों के परिजनों को भी इसकी जानकारी दी।
पुलिस जांच और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सूचना मिलते ही रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय बागपत भेज दिया है। इस संबंध में चांदीनगर थाने के जांच अधिकारी राकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि लापता दोनों युवकों के शवों को मंदिर परिसर से बरामद कर लिया गया है।
मुख्य आरोपी महंत अभी फरार चल रहा है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है, जबकि उसके दो शिष्यों को गिरफ्त में ले लिया गया है। इस दोहरे हत्याकांड के बाद से सिगोली तगा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।