रांची के लोअर बाजार थाने की पुलिस ने शनिवार को जमेशदपुर के साकची स्थित आम बगान में छापेमारी कर सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज एमवाइ इकबाल की जमीन पर कब्जा करने के आरोप में पप्पू गद्दी उर्फ जमशेद गद्दी और अली हुसैन उर्फ तामो गद्दी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

काफी दिनों से तलाश में थी पुलिस

पुलिस को दोनों आरोपितों की तलाश काफी दिनों से थी। लेकिन दोनों बार-बार पुलिस को चकमा देकर फरार हो जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपितों को मोबाइल लोकेशन के आधार पर पकड़ा। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपित पप्पू गद्दी मुहर्रम में रांची आया था। पुलिस को इसकी सूचना मिली थी। लेकिन वह किस इलाके में रह रहा था, इसकी पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाई थी। पुलिस ने हिंदपीढ़ी इलाके में छापेमारी की। आरोपित शहर छोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। इस बीच मौके का फायदा उठाकर आरोपित जमशेदपुर पहुंच गया। लेकिन पुलिस की नजर उस पर थी। पुलिस टीम जमेशदपुर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपित वहां से भागने लगा। लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। इस मामले में हाई कोर्ट ने एसएसपी को निजी तौर पर शपथपत्र दाखिल करने का निर्देश दिया था। एसएसपी को रांची में भूमि पर अवैध कब्जे से संबंधित सभी मामलों का ब्योरा देने को कहा था।

पुलिसकर्मी के बयान पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी

लोअर बाजार थाने में हवलदार जैनुल अंसारी के बयान पर जमीन पर कब्जा करने वाले आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी। जैनुल ने बयान दिया था कि आरोपितों द्वारा बाउंड्री तोड़ी जा रही थी। उन्हें मना किया गया तो वे उलझ गए थे। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। इसके बाद आरोपित वहां से भाग निकले थे। कुछ आरोपितों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।