राजधानी रांची में आज मौसम सुहाना बना रहेगा। आकाश में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने छह और सात अगस्त को राज्य के उत्तर-पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है, जबकि रांची और आसपास के इलाकों में नौ अगस्त तक बादल छाये रहेंगे। इस दौरान अधिकतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश भी होगी।

कामडारा मे बारिश का असर

गुमला जिले के कामडारा में प्रखंड मुख्यालय और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में पिछले दो दिनों से मध्यम किस्म बारिश हो रही है। लगातार बारिश से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जगह-जगह जल जमाव हो गया है, जिसके चलते दिन भर मवेशी भी गोशाला मे बंधे रहे। इधर, लगातार बारिश से क्षेत्र मे धान रोपनी कार्य मे गति आ गई है। खेतों मे धान रोपनी लायक पानी जमा हो गया है। 

झारसुगुड़ा का मौसम

झारसुगुड़ा जिले में में गत बुधवार से लगातार वर्षा हो रही है। कल थोड़ी वर्षा कम हुई है, लेकिन जिले के शहर से लेकर गांव तक वर्षा ने अपना कहर दिखाया है। गांव देहात सहित शहर के कुछ अंचल में पानी भर गया है। वहीं, कई कच्ची माटी के मकान भी टूट गए हैं। जिले के लखनपुर ब्लॉक में कुल 42 घरों को वर्षा से नुकसान हुआ है। इसकी जानकारी लखनपुर तहसीलदार ने दी है। जिले में आज सुबह तक 80.22 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

चाईबासा में आज का मौसम

चाईबासा, जमशेदपुर और सरायकेला क्षेत्र में शनिवार को दिन भर में आसमान में बादल छाये रहेंगे। शाम के समय वज्रपात के साथ तेज वर्षा की भी संभावना है।

चतरा में आज का मौसम

चतरा में शनिवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं पर तेज वर्षा की संभावना है। इस बीच अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा।