जयपुर के बजाज नगर थाना क्षेत्र में पत्नी ने एक करोड़ की पॉलिसी के लिए पति को मौत के घाट उतार दिया। महिला का बेटा नेवी में कार्यरत था। मृतक की मां का आरोप है कि बेटे की पत्नी ने ही शराब में स्लो पॉइजन देकर मार दिया। उनकी बहू घर में ही अपने पुरुष दोस्तों के साथ शराब पार्टी करती थी।  मृतक की मां का आरोप है कि डेढ़ साल तक वह पुलिस थाने के चक्कर काटती रही, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। कोर्ट के दखल के बाद मंगलवार को बजाज नगर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। 

मां ने हत्या के सबूत जुटाए और थाने पहुंची लेकिन पुलिस मृतक की मां को डेढ़ साल तक टरकाती रही। परेशान होकर मृतक की मां विमला देवी ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के दखल के बाद बजाज नगर थाना पुलिस ने हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मृतक की पत्नी और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बेटे की मौत के बाद सामान चेक किया, तो उसमें कुछ पर्चियां और दस्तावेज मिले थे। जिसमें लाखों रुपए की शराब की पर्चियां थीं। बहू से पूछा तो उसने कहा कि बेटा शराब पी गया। पीड़ित महिला के पास कई अहम सबूत हैं, जिनके आधार पर हत्या का मामला दर्ज करवाया है।