राजधानी समेत प्रदेश के मौसम ने छह दिनों बाद अपना तेवर बदला है। पछुआ हवा की मजबूत स्थिति बने होने के कारण पटना समेत प्रदेश के 30 शहरों के अधिकतम तापमान में वृद्धि आई है। बीते छह दिनों के दौरान पटना के अधिकतम तापमान में लगभग आठ डिग्री की बढ़ोतरी हुई है।

पटना में एक मई को अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, शनिवार को पटना के अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 40.1 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक पछुआ हवा का प्रभाव बना रहेगा। इस दौरान हवा की गति 15-20 किमी प्रतिघंटा और झोंके के साथ हवा की गति 30 किमी प्रतिघंटा रहने की संभावना है। प्रदेश का मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा। तापमान में वृद्धि होने के साथ 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहने की संभावना है। हालांकि, हीटवेव लू का प्रभाव नहीं होगा।
पांच दिन बाद फिर बदलेगा मौसम का मिजाज

वहीं, अगले पांच दिनों के बाद मौसम एक बार फिर से करवट लेगा। पांच दिनों बाद प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवा का प्रवाह होने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी। कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी होने से मौसम सुहाना बना रहेगा।

अगले 24 घंटों के दौरान पटना व इसके आसपास इलाकों में सूर्य का तेवर थोड़ा तल्ख रहेगा। इसके कारण लोगों को गर्मी का एहसास होगा। बीते 24 घंटों के दौरान कटिहार व बक्सर में 1.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

इन शहरों के तापमान में वृद्धि

पटना के अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री, गया में 1.9 डिग्री, नवादा में 1.6 डिग्री, औरंगाबाद में 1.5 डिग्री, डेहरी में 0.6 डिग्री, बक्सर में 0.3 डिग्री, बांका में 1.7 डिग्री, सबौर में 2.6 डिग्री, कटिहार में 2.3 डिग्री, अररिया में 2.9 डिग्री, फारबिसगंज में पांच डिग्री, दरभंगा में 2.2 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके अलवा भागलपुर में 2.9 डिग्री, वैशाली में 1.7 डिग्री, छपरा में 1.2 डिग्री, छपरा में 1.2 डिग्री, जमुई में 2.3 डिग्री, सबौर में 2.6 डिग्री, पूर्णिया में दो डिग्री, किशनंगज में 2.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि अधिकतम तापमान में दर्ज की गई।