भोपाल ।  हर घर तिरंगा अभियान हमारी देशभक्ति की अभिव्यक्ति है। प्रदेश के हर घर पर तिरंगा फहराए। कोई गांव और वार्ड का घर अभियान में सम्मिलित होने से न छूटे। दूरस्थ गांवों में भी राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित हो। सभी वर्गों की अभियान में भागीदारी होनी चाहिए। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को हर घर तिरंगा अभियान की वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा करते हुए कही। उन्होंने कहा कि कलेक्टर ध्वज विक्रय केंद्रों की जानकारी के प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दें। सभी मंत्री, नगरीय निकाय और पंचायतों के नव निर्वाचित जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी, संगठनों के पदाधिकारी और विद्यार्थी अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाते हुए इंटरनेट मीडिया पर फोटो अपलोड करें। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। हर घर तिरंगा अभियान ने आनंद और उत्साह से आजादी का पर्व मनाने का अवसर प्रदान किया है। समाज के सभी वर्गों, जन अभियान परिषद, शैक्षणिक और सामाजिक संस्थान, जन प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से अभियान की गतिविधियों का आयोजन किया जाए। मुख्यमंत्री ने दतिया जिले में झंडा बिग्रेड के नवाचार की सराहना करते हुए अन्य जिलों को भी इसका अनुसरण करने के लिए कहा। दतिया में हर घर पर तिरंगा फहराना सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पचास घर पर दो-दो व्यक्तियों की झंडा बिग्रेड बनाई गई है। बैतूल में मानव श्रंखला, नीमच में आकर्षक तिरंगा आकृति, शिवपुरी में आइटीबीपी और सीआरपीएफ के सहयोग से मानव श्रृंखला, कटनी में अमृत सरोवर पर तिरंगा यात्रा, झाबुआ में तिरंगा गरबा, इंदौर में सिटी बसों से अभियान के प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। प्रदेश में एक करोड़ 39 लाख झंडों का वितरण किया जा चुका है। बैठक में सभी जिलों के प्रभारी मंत्री, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।