हरियाणा | के कई जिलों में घना कोहरा छाने के आसार हैं। साथ ही शीत लहर और भीषण शीत दिवस की चेतावनी जारी की गई है। यह स्थिति 16 जनवरी तक बनी रहेगी। कई जिलों के लिए ऑरेंज तो कई के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इधर, माह के पहले सप्ताह में हुई बारिश के बाद कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। 

शुक्रवार को भी सूरज धुंध और बादलों की ओट में रहा। लोग दिन भर धूप के लिए तरसते रहे। बीते तीन दिन से हरियाणा में ये ही हालात बने हुए हैं और फिलहाल जल्द राहत मिलने के आसार नहीं हैं। धूप नहीं निकलने से गलन और ठिठुरन बढ़ गई है। लोग दिन भर ठंड से ठिठुरते नजर आए। ठंडी हवाओं के चलने से अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। 

इधर, भिवानी शहर के नेहरू पार्क में शुक्रवार सुबह एक लावारिस व्यक्ति की ठंड से मौत हो गई। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करा उसे शनाख्त के लिए रखवा दिया है। प्रदेश में हिसार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, फतेहाबाद का दिन सर्वाधिक ठंडा रहा। 

वहां अधिकतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी जारी है। ऐसे में वहां से आने वाली हवा मैदानों में ठिठुरन बढ़ा रही है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ सर्द मौसम में खानपान पर खास ध्यान रखने की सलाह दे रहे हैं। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के खाने का खास ध्यान रखने की सलाह दी गई है। चिकित्सक गर्म पानी पीने की सलाह दे रहे हैं।