बालूशाही  उत्तर भारत की एक पारम्परिक मिठाई है | मैदे से बनी ये मिठाई काफी स्वादिष्ट होती है | सॉफ्ट और कम मीठी होने के कारण ये अक्सर लोगों को पसंद आती है |

 सामग्री  :  दो कप मैदा, आधा कप घी मैदा में डालने के लिए, आधा कप पानी, आधा चम्मच बेकिंग सोडा, एक चुटकी नमक, घी जरूरत के अनुसार फ्राई करने के लिए |

चाशनी बनाने के लिए : दो कप चीनी, आधी चम्मच छोटी इलायची का पाउडर, केसर के करीब 10 रेशे, एक कप पानी |

बालूशाही बनाने का तरीका 

बालूशाही बनाने के लिए सबसे पहले केसर के रेशों को पानी में कुछ देर के लिए भिगो दें | इसके बाद मैदे को छान लें और इसमें बेकिंग सोडा और नमक मिलाएं | इसके बाद घी को पिघलाकर डालें और सारे आटे को अच्छी तरह से मिक्स करें | इसके बाद आधा कप ठंडा पानी आटे में डाल कर कुछ देर के लिए ऐसे ही आटे को छोड़ दें |

इस बीच आप चाशनी की तैयारी करें | चाशनी के लिए एक पैन में चीनी डालकर उबलने के लिए रखें | जब चीनी मेल्ट हो जाए तो छोटी इलायची पाउडर और केसर डालकर चलाएं | गैस को धीमा कर दें और चाशनी को गाढ़ा होने दें |

इस बीच आटे को चेक करें | पूरा आटा गीला हो गया होगा | इसको मिक्स करके इकट्ठा करें और एक गीले कपड़े से इसे ढककर करीब 15 मिनट के लिए छोड़ दें | करीब 15 मिनट बाद पूरे आटे को स्लैब पर फैलाएं | इसे चाकू से बीच से काटें और आटे को एक के ऊपर एक रख दें | फिर से फ्लैट करके फैलाएं और यही क्रम दोहराएं | ऐसा आपको करीब 6 से 7 बा​र करना है | इससे बालूशाही बनाते समय लेयरिंग हो जाती है |

चाशनी को गाढ़ा होने पर गैस बंद कर दें | अब आटे से बराबर की लोई काट लें | इसके गोल गोले बनाएं और बीच में उंगली लगाकर छेद कर दें | सारी बालूशाही ऐसे ही बना लें | अब गैस पर कड़ाही रखकर इसमें घी जरूरत के अनुसार फ्राई करने के लिए डालें |

बालूशाही को मीडियम आंच पर दोनों तरफ से पलट पलटकर सेंके | ब्राउन होने पर इसे निकालकर गर्म चाशनी में डालें | करीब 15 मिनट चाशनी में रहने दें | इसके बाद इसे बर्तन में निकालकर अलग अलग करके रखें | कुछ देर में चाशनी सूख जाएगी | तैयार है बालूशाही | अब आप आराम से इसे खाएं और मेहमानों को खिलाएं |