भोपाल    स्वतंत्रता दिवस समारोह में लाल परेड मैदान पर पहली बार लोगों के लिए वॉटर प्रूफ टेंट लगाया गया है। बारिश की संभावना के बीच इस बार आम लोगों की भीड़ उमड़ने की भी उम्मीद है, इसलिए प्रशासन ने यह व्यवस्था की है। पूरे मैदान में अलग-अलग टुकड़ों में 800x800 वर्ग फीट एरिया में यह टेंट लगाए गए हैं। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी के 25 से ज्यादा लोगों की टीम मैदान में गड्ढों को भरने का काम कर रही है। बारिश की हर बौछार के बाद यहां बार-बार डस्ट डाली जा रही है, ताकि परेड के दौरान जवानों को दिक्कत ना हो। इसके अलावा रंगाई पुताई और मेंटेनेंस के छोटे बड़े काम भी चल रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस के आयोजन से पहले मैदान को पूरी तरह साफ करने के लिए 25 लोगों की टीम लगाई गई है। उन्हें दो गाड़ियां दी गई हैं। पूरे मैदान में झाड़ू लगाने के साथ ही कचरा यहां-वहां ना पड़ा रहे, इसकी पुख्ता व्यवस्था की जा रही है।

आयोजन खत्म होने के आधा घंटे के भीतर चकाचक हो जाएगा मैदान

नगर निगम के एएचओ योगेश दुबे ने कहा कि आयोजन के ठीक बाद भीड़ द्वारा छोड़े जाने वाले कचरे को भी तुरंत उठा दिया जाएगा और आधे घंटे के भीतर मैदान फिर चकाचक हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि कोरोना महामारी के कारण पिछले 2 साल से स्वतंत्रता दिवस का आयोजन केवल औपचारिक रूप किया जा रहा था। 2 साल बाद पुरानी रौनक लौटी है। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर होने वाले इस आयोजन में आम लोगों की भागीदारी ज्यादा होने की संभावना है। प्रभारी संभागायुक्त माल सिंह ने शुक्रवार 12 अगस्त तक सारी तैयारियां पूरी कर लेने को कहा है ताकि 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल की जा सके।

लोकतंत्र सेनानियों को न्यौता

आयोजन में प्रशासन हर साल स्वतंत्रता सेनानियों व लोकतंत्र सेनानियों को आमंत्रित करता है। प्रशासन के पास उपलब्ध सूची के अनुसार अब भोपाल में कोई भी स्वतंत्रता सेनानी जीवित नहीं है, इसलिए भोपाल में रहने वाले लोकतंत्र सेनानियों यानी जिन लोगों ने आपातकाल के विरूद्ध संघर्ष किया था, उन्हें भी आमंत्रित किया है। सभी लोकतंत्र सेनानियों को घर से लाने और ले जाने की व्यवस्था भी की गई है।