छत्तीसगढ़: केंद्र में बीजेपी सरकार को 9 साल पूरे हो गए है। इसे बीजेपी खास तरह से मनाने की बड़ी तैयारी में है। एक महीने तक बीजेपी देशभर में महासंपर्क अभियान चलाने जा रही है। इसी कड़ी में चुनावी राज्य छत्तीसगढ़ में भी बीजेपी ने इस अभियान के लिए बड़ी रणनीति बनाई गई है। 30 जून तक चलने वाले 13 अलग-अलग प्रोग्राम के लिए बीजेपी ने प्रभारियों की नियुक्ति की है। इसके अलावा राज्य के 11 लोकसभा क्षेत्र के जरिए से सभी 90 विधानसभा क्षेत्र में जाने की रणनीति बनाई गई है।

दरअसल, बीजेपी ने 30 मई से 30 जून का कार्यक्रम निर्धारित किया है। इसके जरिए देशभर के 543 लोकसभाओं को 144 क्लस्टरों में बांटा गया है। हर क्लस्टर में तीन से चार लोक सभा को शामिल किया गया है। हर क्लस्टर में बीजेपी के बड़े नेता 8 दिन गुजारेंगे। इसके साथ ही पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की दो टोलियां बनाई गईं हैं। इसमें केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों जैसे 288 बड़े नेता इस टोली में रहेंगे। ये 288 नेता हर विधानसभा में एक हजार मुख्य परिवारों से मिलेंगे और उनसे समर्थन मांगेंगे।

महासंपर्क अभियान के बारे में जानकारी देते हुए छत्तीसगढ़ के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने बताया कि 30 दिनों के इस महा जनसंपर्क के जरिए पूरे देश भर में 500 से अधिक सभाएं और 600 से अधिक प्रेस वार्ता आयोजित होंगे। इस दौरान 500 से अधिक लोकसभा और 4 हजार से अधिक विधानसभों में 5 लाख से अधिक परिवारों और हर लोक सभा में एक हजार खास परिवारों से संपर्क साधा जाएगा. इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ में भी 3 कलस्टर बनाए गए हैं, जिसमें राज्य के 11 लोकसभा क्षेत्र को कवर किया गया है।

कलस्टर एक में बस्तर और कोरबा लोकसभा को शामिल किया गया है। इसके प्रभारी मोतीलाल साहू को बनाया गया है। यहां 6 से 9 जून तक प्रोग्राम होगा, जिसमें गिरिराज किशोर और सुनीता दुग्गल शामिल होंगे. कलस्टर 2 में रायपुर, महासमुंद, दुर्ग, राजनांदगांव और कांकेर लोकसभा को शामिल किया गया है। इसका प्रभारी चंद्रशेखर साहू और रामकुमार भट्ट को बनाया गया है। यहां जून महीने में अलग-अलग तारीखों को ओम माथुर और समीर मोहंती महा जनसंपर्क अभियान में शामिल होंगे। कलस्टर 3 में जांजगीर, बिलासपुर, रायगढ़ और सरगुजा लोकसभा को शामिल किया गया है। इसका प्रभारी रजनीश सिंह को बनाया गया है। इन लोकसभा क्षेत्रों में फग्गन सिंह कुलस्ते और नितिन नबीन महा जनसंपर्क अभियान में शामिल होंगे।


राज्य के सभी 11 लोकसभा क्षेत्र में संपर्क से समर्थन अभियान

1. बीजेपी शहीद परिवार, प्रमुख खिलाड़ी, कलाकार, उद्योगपति और समाज में प्रभावशाली व्यक्ति से संपर्क करेंगे। इस अभियान के लिए सौरभ सिंह, विधायक जगदीश रोहरा को प्रभारी बनाया गया है।

2. सभी लोकसभा क्षेत्र में एक आमसभा आयोज्त की जाएगी। इसमें लोकसभा के पार्टी के प्रमुख नेता उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम के प्रभारी प्रदेश स्तर पर पूर्व मंत्री राजेश मुणत को बनाया गया है।

3. प्रत्येक लोकसभा में मीडिया संवाद और प्रेस वार्ता के प्रभारी अमित चिमनानी होंगे।

4. प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में प्रबुद्ध सम्मेलन होगा। इसके प्रभारी संजय श्रीवास्तव और अमरजीत छाबड़ा को बनाया गया है।

5. प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मीट होगी, जिसके प्रभारी प्रशांत सिंह ठाकुर को बनाया गया है।

6. प्रत्येक लोकसभा में व्यापारी सम्मेलन होगा। इसके लिए श्रीचंद सुंदरानी और लाभचंद बाफना को प्रभारी बनाया गया है।

7. सभी लोकसभा क्षेत्रों में विकास तीर्थ कार्यक्रम के अंतर्गत आने वाले केंद्रीय नेताओं को भाजपा सरकार में हुए प्रमुख विकास कार्यों को दिखाने ले जाया जाएगा। इस कार्यक्रम के प्रभारी अनुराग सिंह देव और किशोर राय को बनाया गया है।

8. प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सीनियर कार्यकर्ताओं के साथ भोजन व परिचर्चा होगी। इसके प्रभारी किरण देव और अंबिकेश केसरी को बनाया गया है।

9. सभी 90 विधानसभा में सभी मोर्चों का संयुक्त सम्मेलन आयोजित होगा। इसका प्रभारी केदार कश्यप और लक्ष्मी वर्मा को बनाया गया है।

10. सभी विधानसभा क्षेत्रों में लाभार्थी सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके प्रभारी ओ.पी. चौधरी और नंदलाल मुडामी को बनाया गया है।

11. सभी विधानसभा में 21 जून को विश्व योग दिवस का कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके लिए संजय अग्रवाल और सरला कोसरिया को प्रभारी बनाया गया है।

12. 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के पुण्य तिथि पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के 10 लाख मतदान केंद्रों के कार्यकर्ताओं को वर्चुवल रूप से संबोधित करेंगे। इस प्रोग्राम के लिए विजय शर्मा और अमरजीत छाबड़ा को प्रभारी बनाया गया है।

13. 20 से 30 जून तक घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए भी विजय शर्मा और अमरजीत छाबड़ा को प्रभारी बनाया गया है।