पंजाब | के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं। उन्हें लुधियाना के डीएमसी अस्पताल के कोरोना वार्ड 260 में भर्ती किया गया है। दो दिन पहले बादल काे बुखार, खांसी और जुकाम था। उनकी तबीयत खराब होने पर उन्हें लुधियाना लाया गया। डीएमसी में रैपिड टेस्ट में रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद उनका आरटीपीसीआर टेस्ट किया गया और उसकी रिपोर्ट का इंतजार है। कोरोना टेस्ट के अलावा उनके अन्य आवश्यक टेस्ट भी लिए गए।

95 वर्षीय प्रकाश सिंह बादल दोपहर बाद डीएमसी पहुंचे और डा. विश्व मोहन की देखरेख में टेस्ट हुए। डा. विश्व मोहन ने कहा कि हम उनके जनरल टेस्ट भी कर रहे हैं और उनकी रिपोर्ट आने के बाद कुछ कहा जा सकता है। उल्लेखनीय है कि बादल लंबी से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं और वह रोजोना लोगों से मिल रहे हैं। सोमवार को उन्हें पीठ में दर्ज हुआ था और उसके बाद उन्होंने अपने दौरे रद कर अपने घर में आराम कर रहे थे।

बादल के संपर्क में आए नेताओं काे ट्रेस करना बड़ी चुनाैती

शिअद नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बादल के राजनीतिक सलाहकार महेश इंदर सिंह ग्रेवाल ने कहा कि उनमें कोरोना के लक्ष्ण थे और उन्हें डीएमसी में लाया गया था। जहां टेस्ट में कोरोना पाजिटिव आए हैं। फिलहाल वह सामान्य है और किसी तरह की दिक्कत नहीं है। बादल के काेराेना पाजिटिव आने के बाद अकाली दल के चुनाव प्रचार अभियान में असर पड़ सकता है। बादल 95 साल की आयु में भी दिन-रात चुनाव प्रचार में डटे हैं। अब स्वास्थ्य विभाग के सामने बादल के संपर्क में आए नेताओं काे ट्रेस करना बड़ी चुनाैती हाेगी। प्रचार के दाैरान वह कई लाेगाें से मिले हैं।