बिहार । यमुनानगर के शहर जगाधरी थाना क्षेत्र में गांव हुंडेवाला में आम के पेड़ पर फंदा लगाकर जान देने वाला गुलाबनगर निवासी 55 वर्षीय योगेश अपने बेटे की वजह से परेशान रहता था। पुलिस को मृतक के पास से सुसाइड नोट मिला है। जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार बेटे को बताया है। मृतक की पत्नी राजरानी ने बताया कि बेटे आलोक ने उन्हें मारपीट कर घर से निकाल दिया था। बेटा नशे की लत का आदी है। उसकी हरकतों की वजह से ही पति योगेश परेशान थे। इसी परेशानी में उन्होंने आत्महत्या की है। पुलिस ने उसके बयानों के आधार पर आरोपित आलोक पर केस दर्ज किया।

सोमवार को गांव हुंडेवाला में आम के बाग में 55 वर्षीय योगेश मसीह का शव फंदे से लटका मिला था। पुलिस ने उस समय शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया। शाम तक उसके स्वजनों का पता लगा। जब उनकी मौजूदगी में शव की तलाशी ली गई, तो मृतक के पास से आठ लाइनें लिखा एक सुसाइड नोट मिला। इसमें लिखा था कि मैं योगेश गुलाबनगर पाबनी रोड बाला जी चक्की के पास रहता हूं। मैंने अपना लड़का बेदखल किया हुआ है। जो कि उसका नाम आलोक उर्फ ललडी है। हम एक महीने से घर से बाहर हैं। यह हमें जान से मारने की धमकी देता है। कल को कुछ हो जाए, तो उसका जिम्मेदार यही होगा। पुलिस ने यह नोट कब्जे में लिया। शव का पोस्टमार्टम कराया।