पुर्तगाल और मैनचेस्टर यूनाइटेड के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के नवजात बेटे का निधन हो गया है। इसकी जानकारी खुद रोनाल्डो ने ट्विटर पर दी है। रोनाल्डो ने कहा कि यह उनके और उनकी पार्टनर जॉर्जिना के लिए सबसे दुखद घड़ी है। दोनों ने काफी सोच विचार के बाद साझा बयान जारी किया है।रोनाल्डो ने लिखा- बहुत ही दुख के साथ हमें यह बताना पड़ रहा है कि हमारे नवजात बेटे का निधन हो गया है। यह किसी भी माता-पिता के लिए सबसे बड़ा दुख है। केवल हमारी बेबी गर्ल के जन्म ने हमें थोड़ी सी उम्मदी और खुशी के साथ जीने की ताकत दी है। हम सभी डॉक्टर्स और नर्सों को धन्यवाद देते हैं, जिन्होंने हमारा साथ दिया।

रोनाल्डो ने कहा कि वह इस घटना से बेहद निराश हैं और सभी से अपील करते हैं कि उनकी निजता का ख्याल रखा जाए। उन्हें और उनकी पार्टनर जॉर्जिना को फिलहाल कुछ समय के लिए अकेले छोड़ दिया जाए। हमारा बेटा हमारे लिए एंजेल था। हम हमेशा तुम्हें प्यार करते रहेंगे। रोनाल्डो और जॉर्जिना ने अक्तूबर में ही एलान किया था कि वह जुड़वा बच्चों के माता-पिता बनने वाले हैं। दोनों ने अस्पताल से तस्वीरें भी शेयर की थीं। इन्हीं में से एक बच्चे (बेटे) का निधन हो गया है, वहीं बेटी सुरक्षित है।