बिहार के औरंगाबाद में बारात में शामिल होकर लौट रहे लोगों की कार औरंगाबाद के नवीनगर प्रखंड के बागी पास बेकाबू होकर पुल के नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों घायलों को पास के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। यह सभी लोग झारखंड के निवासी बताए जा रहे हैं। औरंगाबाद में बारात में शामिल होकर झारखंड वापस लौट रहे थे।

बारात भगवान साहू के पुत्र प्रकाश कुमार की औरंगाबाद जिले के नवीनगर प्रखंड के तोल पंचायत के बाघी गांव में आई थी। हादसे के समय कार में 7 लोग सवार थे। मृतकों में सभी 18 से 19 साल के युवक थे। मृतक झारखंड के छतरपुर के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान सुनील कुमार के पुत्र रंजीत कुमार, चंद्रदीप राम के पुत्र अभय कुमार, उपेंद्र चंद्रवंशी के पुत्र अक्षय कुमार, प्रदीप गुप्ता के पुत्र शुभम कुमार और संजय चंद्रवंशी के पुत्र बबलू कुमार के रूप में हुई है। दो युवक जो गंभीर रूप से घायल हैं, उनकी पहचान गुंजन कुमार और मुकेश कुमार के रूप में हुई है।