मैनपुरी एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव नगला गजासिंह धोबा में रविवार की शाम भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला मंत्री अन्य पदाधिकारियों के साथ लाभार्थी जनसंपर्क अभियान के तहत संपर्क करने पहुंचे थे। वहां कोटा डीलर ने साथियों के साथ मिलकर सभी को लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
भाजपा जिलेभर में लाभार्थी जनसंपर्क अभियान चला रही है। रविवार शाम अनुसूचित मोर्चा के जिला मंत्री महेंद्र कठेरिया, जिला मंत्री ममता कठेरिया, कार्यकारिणी सदस्य रोहित कठेरिया, रनवीर जाटव आदि के साथ नगला गजासिंह धोबा पहुंचे। आरोप है कि वहां कोटा डीलर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद कोटा डीलर ने साथियों के साथ जातिसूचक गालियां देते हुए लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। आरोप है कि धमकी दी कि गांव में भाजपा के लिए प्रचार न करें। इस बीच अन्य ग्रामीणों के आने पर मौका पाकर भाजपा नेता वहां से भाग निकले और थाने पहुंचकर तहरीर दी। सोमवार को पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया। थानाध्यक्ष सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि जिला मंत्री महेंद्र कठेरिया की ओर से तहरीर दी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
पार्टी के लोगों के गांव में आने का किया था विरोध जिला मंत्री महेंद्र कठेरिया ने बताया कि वह लोग गांव में अभियान के तहत लाभार्थियों से जानकारी जुटा रहे थे। तभी वहां कोटा डीलर आ गया और पार्टी को लेकर अपशब्द कहने लगा। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद उनके व अन्य पदाधिकारियों के साथ मारपीट की गई। आरोपी किस पार्टी के समर्थक हैं, इस बारे में अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं कह सकते। थानाध्यक्ष ने उन्हें मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।