अरवल में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूल जा रही चार छात्राओं को रौंद दिया। हादसे में दो बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरी ओर हादसे में दो छात्राएं और एक अभिभावक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। अभिभावक बच्चियों को स्कूल छोड़ने जा रहे थे, तभी ट्रक ने उन्हें भी कुचल दिया। उनकी भी हालत गंभीर बताई जा रही है यह हादसा मडईला गांव के समीप हुआ। मृतकों की पहचान रूनजय यादव की बेटी शिवानी कुमारी और मोहित यादव की बेटी काजल कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इधर, दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने एनएच 139 को जाम कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव रोशन, मेहंदिया थाना अध्यक्ष अमित कुमार, परासी थाना अध्यक्ष दुर्गानंद मिश्रा, कलेर थाना अध्यक्ष संजीत सिंह घटनास्थल पहुंचे, सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल अरवल भर्ती कराया।

दादा-पोती भी घायल

जानकारी के अनुसार, घायल रामाश्रय पासवान अपनी आठ साल की पोती खुशी कुमारी को लेकर मेहंदिया स्कूल छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक की चपेट में आने से दादा-पोती जख्मी हो गए।
घायल दादा-पोती को दाउदनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बच्ची को डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया है। रुनजय यादव की दूसरी बेटी 10 साल की कीर्ति का अरवल सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

तीन घंटे बाद लोगों ने हटाया जाम

ग्रामीणों ने बताया कि तेज रफ्तार वाहन पर प्रशासन लगाम नहीं लगा रहा है। इस कारण आये दिन हादसे में लोगों की जान जा रही है। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाबुझाकर यातायात सामान्य कराया।