भोपाल ।   दिल्ली से भोपाल आकर पुणे जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान में गुरुवार को अचानक तकनीकी खराबी आ गई। राजा भोज एयरपोर्ट से टेकऑफ होते समय उड़ान के इंजन से आवाज आने लगी। इसके बाद यात्रियों को विमान से उतार दिया गया। तकनीकी खराबी ठीक होने में करीब डेढ़ घंटे का समय लग गया। इससे यात्रियों को परेशान होना पड़ा। सुबह करीब 10:00 बजे राजा भोज एयरपोर्ट पर दिल्‍ली से आई एयर इंडिया की फ्लाइट लैंड हुई। इस उड़ान से दिल्ली से भोपाल आने वाले यात्री विमान से उतर गए। भोपाल से पुणे जाने वाले यात्रियों को बोर्डिंग पास दे दिया गया था। कुछ यात्री विमान में सवार भी हो गए थे। उसी दौरान चालक दल को विमान में तकनीकी खराबी महसूस हुई। इसके बाद यात्रियों को वापस उतार दिया गया।
 

डेढ़ घंटे बाद रवाना हो सकी उड़ान

यह उड़ान आम तौर पर सुबह 10:45 बजे पुणे रवाना होती है। तकनीकी खराबी ठीक करने में एयर इंडिया के इंजीनियरों को डेढ़ घंटे का समय लग गया। दोपहर करीब 12:15 बजे उड़ान ठीक हो सकी। उसके बाद यात्रियों को पुनः विमान में बिठाया गया। इसके बाद उड़ान रवाना हो सकी। एयर इंडिया के स्थानीय कार्यालय के अनुसार विमान में मामूली तकनीकी खराबी आई थी, जिसे जल्‍द ही ठीक कर दिया गया। फिटनेस मिलने के बाद विमान को पुणे के लिए रवाना कर दिया गया।